Purnia News: पूर्णिया में एक महिला ने अपने दो बच्चों को जहर देकर खुद भी जहर खा लिया। बच्चों की मौत हो गई, महिला की हालत गंभीर। पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था।

Bihar Crime News: बिहार के पूर्णिया में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है। यहां सौतियादह में एक महिला ने न सिर्फ अपने घर में तोड़फोड़ की, बल्कि अपने मासूम बेटे-बेटी को जहर देने के बाद खुद भी वही जहर खा लिया। इस घटना में दोनों बच्चों की मौत हो गई है। महिला की हालत गंभीर है। उसे कटिहार के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त महिला का पति सहेली को छोड़ने उसके मायके गया हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मामला पूर्णिया के धमदाह गांव के कुआंड़ी पंचायत के सतमी बिन टोली वार्ड-17 का है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बीते गुरुवार की रात 30 वर्षीय महिला नीलम ने अपने घर में तोड़फोड़ की। शोर सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन जब महिला ने दरवाजा नहीं खोला तो उसके परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने फोन भी किया तो महिला ने कॉल रिसीव नहीं किया। ऐसे में रात में ही उसके परिजन घर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा तो वह अपने मासूम बेटे और बेटी के साथ बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। महिला को गंभीर हालत में कटिहार अस्पताल रेफर कर दिया गया।

रोज होता था झगड़ा

इसके बाद पुलिस और महिला के पति वीरेंद्र को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस महिला के पति से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक महिला नीलम अपने पति वीरेंद्र की दूसरी पत्नी है। उसने पांच साल पहले अपने पहले पति को छोड़कर वीरेंद्र से शादी की थी। इस शादी के बाद उनका एक तीन साल का बेटा और एक साल की बेटी भी है। अब तक की जांच ये जानकारी मिली है कि महिला अभी भी अपने पहले पति के संपर्क में थी और वीरेंद्र भी पहली पत्नी के संपर्क में था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते थे।

साथी को छोड़ने गया था पति

बताया जा रहा है कि बुधवार को वीरेंद्र की पहली पत्नी किसी काम से आई थी और एक रात रुकी भी थी। गुरुवार को वीरेंद्र उसे छोड़ने भागलपुर स्थित उसके मायके गया था। उसके जाने के बाद नीलम ने घर में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सरोज कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष के अनुसार इस घटना के संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। हालांकि पुलिस ने बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नीलम के मायके वालों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।