RJD में अंदरूनी कलह के बीच लालू की बेटी रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने अभद्र भाषा की निंदा करते हुए किसी भी राजनीतिक महत्वाकांक्षा से इनकार किया है। 

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले लालू परिवार और RJD में अंदरूनी कलह सुर्खियों में है। परिवार और पार्टी में बढ़ते मतभेदों के बीच लालू यादव की लाडली बेटी रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया पर दो बड़े पोस्ट किए हैं, पहला एक्स पर और दूसरा फ़ेसबुक पर, जिनसे राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

महालया की दी शुभकामनाएं

पहले पोस्ट में रोहिणी ने महालया और मां दुर्गा के संदर्भ में लिखा, "आप सबों को माँ दुर्गा के दिव्यागमन 'महालया' की हार्दिक शुभकामनाएं। देवी माँ आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, ऐश्वर्य, शक्ति, भक्ति और आरोग्य लाएं। मेरी यही कामना है कि सभी देवी स्वरूपा हरेक माँ, बहन और बेटी के प्रति सम्मान का भाव रखें और अमर्यादित, अभद्र व अश्लील भाषा का प्रयोग कदापि न करें।" सी पोस्ट को कहीं न कहीं उस वायरल वीडियो से भी जोड़ कर देखा जा सकता है, जिसमें तेजस्वी यादव की सभा में पीएम मोदी की माँ को गाली दिए जाने का आरोप लगा है।

8 घंटे तक लॉक रखा सोशल मीडिया 

इससे पहले रोहिणी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स को प्राइवेट किया, परिवार और पार्टी के सभी सदस्यों को अनफॉलो किया और 8 घंटे बाद अकाउंट को फिर से पब्लिक कर दिया। फिलहाल वह केवल तीन लोगों को फॉलो कर रही हैं। अपने पति शमशेर सिंह, कवि राहत इंदौरी और द स्ट्रेट्स टाइम्स।

दूसरा पोस्ट

दूसरे पोस्ट में रोहिणी ने अपने राजनीतिक दृष्टिकोण और निजी स्थिति को स्पष्ट करते हुआ लिखा, "मेरे संदर्भ में ट्रोलर्स, उद्दंडों, पेड-मीडिया एवं पार्टी हड़पने की कुत्सित मंशा रखने वालों द्वारा फैलाए जा रहे अफवाहें निराधार हैं और मेरी छवि को नुकसान पहुंचाने के मकसद से किए जा रहे दुष्प्रचार का हिस्सा हैं। मेरी कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा कभी नहीं रही और ना है। न मुझे विधानसभा का प्रत्याशी बनना है, न किसी को बनवाना है, न राज्यसभा की सदस्यता की कोई आकांक्षा है। मेरे लिए मेरा आत्म-सम्मान, माता-पिता का सम्मान और परिवार की प्रतिष्ठा सर्वोपरि है।"

Scroll to load tweet…

पार्टी से दूरी बना सकती हैं रोहिणी

जानकारों का कहना है कि रोहिणी का यह कदम परिवार और पार्टी से दूरी बनाने की ओर संकेत है। सूत्रों की मानें तो रोहिणी पार्टी से इस्तीफा देने पर भी विचार कर सकती हैं। यह पोस्ट तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा के दौरान हुए विवाद और महुआ विधानसभा में वायरल वीडियो के बाद आया है, जहां कथित रूप से पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ अभद्र भाषा इस्तेमाल की गई थी। आरजेडी ने दावा किया कि वीडियो ‘डॉक्टर्ड’ है, लेकिन रोहिणी ने साफ संदेश दिया कि किसी भी मां, बहन या बेटी के प्रति अश्लील भाषा अस्वीकार्य है।

राजनीतिक जानकार मानते हैं कि रोहिणी का यह स्टैंड न केवल लालू परिवार में बढ़ते तनाव को उजागर करता है, बल्कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में RJD की इमेज और नेतृत्व को भी चुनौती दे सकता है।