मुंबई से अगवा की गई नाबालिग लड़की को बिहार के सीतामढ़ी जिले से बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानें पूरी घटना की जानकारी।

सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मुंबई से अगवा की गई नाबालिग लड़की को बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है और मुंबई पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई। ऐसा नहीं कि इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। पहले भी मजदूरी के लिए बड़े शहरों में गए लोग अपहरण की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अक्टूबर 2024 मेें अपहृत लड़की आरोपी के घर से बरामद

मुंबई पुलिस ने बिहार पुलिस की मदद से सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र के कुम्मा गांव में छापेमारी की। इस दौरान नाबालिग लड़की को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान विकास कुमार पुत्र सीताशरण पासवान के रूप में हुई है। मुंबई के तिलक नगर थाने में लड़की के पिता ने 29 अक्टूबर 2024 को अपनी बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को बिहार में सुराग मिला था।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी

मुंबई पुलिस के अधिकारी अमोल जगदाले ने बताया कि जांच के दौरान सुरसंड थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय को अहम सुराग मिला। इसके बाद पुलिस अवर निरीक्षक इंद्रदेव प्रसाद की मदद से आरोपी के घर पर छापा मारा। इस कार्रवाई में मुंबई से आए हवलदार उपाध्याय और महिला सिपाही पगारे भी शामिल थीं। इस दौरान नाबालिग लड़की को वहां से सुरक्षित बचा लिया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद मुंबई पुलिस दोनों को लेकर वापस चली गई।

दिल्ली से अगवा लड़की बॉर्डर से की गई थी बरामद

इससे पहले भी इसी तरह की एक घटना सामने आई थी, जब दिल्ली से अगवा की गई एक लड़की को इंडो-नेपाल बॉर्डर के पास पकड़ा गया था। आरोपी लड़की को नेपाल ले जाने की फिराक में था, लेकिन एसएसबी जवानों ने उसे दबोच लिया। यह मामला दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके का था, जहां से 17 वर्षीय मुमताज खातून को अगवा किया गया था। आरोपी सोनू लाल दास, जो सिवान जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला था, उसे नेपाल भागने की कोशिश में बॉर्डर पर ही पकड़ लिया गया था।

ये भी पढें-बिहार के इस जिले में कल से इंटरनेट बंद, दो दिन तक फेसबुक और व्हाट्सएप नहीं चलेंगे