बिहार चुनाव 2025 के लिए NDA का सीट-बंटवारा तय हो गया है। भाजपा और जदयू 101-101 सीटों पर लड़ेंगी। वहीं, सहयोगी दलों में लोजपा (रामविलास) को 29, हम को 6 और रालोमो को 6 सीटें मिली हैं।
पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) ने आखिरकार सीट बंटवारे का फॉर्मूला सार्वजनिक कर दिया है। अब यह भी लगभग तय हो चुका है कि किस सहयोगी दल को कौन-कौन सी सीटें दी गई हैं। लोजपा (रामविलास), हम (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) और रालोमो (राष्ट्रीय लोक समता पार्टी) के हिस्से की सीटें सामने आ चुकी हैं। सभी दलों के संभावित उम्मीदवारों के नाम भी लगभग तय हैं, बस औपचारिक घोषणा बाकी है।
लोजपा (रामविलास) को मिली 29 सीटें
चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें दी गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, इनमें ज़्यादातर सीटें मध्य बिहार, मगध, और मिथिलांचल के प्रभाव वाले इलाके हैं। पार्टी ने अपने कैंडिडेट चयन में युवा, नई पीढ़ी और ‘पारिवारिक वफादारों’ पर ध्यान केंद्रित किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लोजपा (रामविलास) को जो सीटें मिली हैं, उसमें लालगंज, गायघाट, दानापुर, ब्रह्मपुर, अरवल, रोसड़ा, बखरी, साहेबपुर कमाल, राजा पाकड़, हायघाट, एकमा, मढ़ौरा, अगिआंव, ओबरा, गया, हिसुआ, फतुहा, राजगीर, कदवा, सोनबरसा, बलरामपुर, गोविंदपुर, सिमरी बख्तियारपुर, मखदूमपुर, कसबा, सुगौली और मोरवा शामिल हैं। इन सीटों पर लोजपा का दांव भाजपा वोटबैंक के समानांतर एक युवा चेहरे की लाइनअप तैयार करने का है।
HAM को मिली 6 सीटें
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के संस्थापक जीतन राम मांझी को इस बार भी 6 सीटों पर लड़ने का मौका मिला है। इन सीटों का चयन मगध और दक्षिण बिहार के दलित-बहुल इलाकों से किया गया है। HAM के खाते:में जो सीटें आई हैं। वो हैं टेकारी, कुटुंबा, अतरी, इमामगंज, सिकंदरा और बराचट्टी विधानसभा।
HAM के संभावित उम्मीदवार
- इमामगंज: दीपा मांझी
- सिकंदरा: प्रफुल कुमार मांझी
- टेकारी: अनिल कुमार
- बराचट्टी: ज्योति देवी
- अतरी: रोमित कुमार
- कुटुंबा: श्रवण भुइंया
HAM का पूरा फोकस अपने पारंपरिक वोटरों को एकजुट करने और नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA को दलितों में मजबूत उपस्थिति दिलाने पर है।
उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो को भी 6 सीटें
उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLM) को 6 सीटें दी गई हैं। ये सीटें मुख्य रूप से कुशवाहा और ओबीसी वोटर बेस वाले इलाकों में हैं। रालोमो को मिली सीटें हैं सासाराम, दिनारा, उजियारपुर, महुआ, बाजपट्टी और मधुबनी।
RLM के संभावित उम्मीदवार
- दिनारा: आलोक सिंह
- बाजपट्टी: रामेश्वर महतो
- मधुबनी: माधव आनंद
- उजियारपुर: प्रशांत पंकज
एनडीए का पावर बैलेंस
एनडीए का कुल फॉर्मूला इस प्रकार तय हुआ है।
- भाजपा: 101 सीटें
- जदयू: 101 सीटें
- लोजपा (रामविलास): 29 सीटें
- HAM: 6 सीटें
- RLM: 6 सीटें
यह बंटवारा दिखने में तो संतुलित है, लेकिन सियासी नज़रिया कहता है कि भाजपा ने सहयोगियों को साथ रखकर भी अपने नियंत्रण की स्थिति मजबूत की है। नीतीश कुमार और चिराग पासवान दोनों के लिए यह चुनाव राजनीतिक अस्तित्व की परीक्षा साबित हो सकता है।
