बिहार में JDU की 85 सीटों पर जीत के बाद नीतीश कुमार 10वीं बार CM बनेंगे। 20 नवंबर को शपथ ग्रहण होगा। BJP ने सम्राट चौधरी को नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना है।

पटनाः  बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में धमाकेदार जीत के बाद सत्ता समीकरण पूरी तरह साफ हो गया है। बुधवार को हुई जेडीयू (JDU) विधायक दल की बैठक में एक बार फिर सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया। वहीं बीजेपी ने भी अपनी रणनीति तय करते हुए सम्राट चौधरी को विधानमंडल दल का नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना है। दोनों नेता पिछली सरकार में डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, इसलिए उन्हें दोबारा प्रमुख भूमिका मिलना लगभग तय माना जा रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

20 नवंबर को ऐतिहासिक शपथ ग्रहण, गांधी मैदान में तैयारी तेज

चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए जेडीयू ने कुल 85 सीटों पर जीत हासिल की है। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि नीतीश कुमार 20 नवंबर को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के लिए पटना का गांधी मैदान चुना गया है, जहां बड़े पैमाने पर तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और देशभर के दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है। सूत्र बताते हैं कि नीतीश कुमार अपने साथ एक डिप्टी सीएम और लगभग 20 मंत्रियों की टीम को शपथ दिलवाएँगे। इस बीच खबर है कि नीतीश कुमार औपचारिक रूप से आज ही अपने पद से इस्तीफा सौंप सकते हैं, जिसके बाद नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।

BJP ने सम्राट चौधरी को दी कमान, विजय सिन्हा बने उपनेता

बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को विधानमंडल दल का नेता चुना गया। वहीं विजय कुमार सिन्हा को उपनेता की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों नेताओं को पार्टी में मजबूत सामाजिक संतुलन और संगठन क्षमता के आधार पर दोबारा अहम भूमिका मिली है। नई सरकार में भाजपा कोटे से कई चेहरे मंत्री बनने के प्रबल दावेदार हैं।

संभावित बीजेपी मंत्रियों की सूची

  • सम्राट चौधरी — कुशवाहा
  • विजय कुमार सिंह — भूमिहार
  • नितिन नवीन — कायस्थ
  • रेणु देवी — अति पिछड़ा
  • नीतीश मिश्र — ब्राह्मण
  • मंगल पांडे — ब्राह्मण
  • नीरज कुमार बबलू — राजपूत
  • संजय सरावगी — वैश्य
  • हरि साहनी — अति पिछड़ा
  • रजनीश कुमार — भूमिहार

नीतीश कुमार की 10वीं शपथ

नीतीश कुमार का राजनीतिक सफर बिहार की राजनीति में अद्वितीय माना जाता है। उन्होंने पहली बार 3 मार्च 2000 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद क्रमश…

  • 24 नवंबर 2005 (दूसरी बार)
  • 26 नवंबर 2010 (तीसरी बार)
  • 22 फरवरी 2015 (चौथी बार)
  • 20 नवंबर 2015 (पाँचवीं बार)
  • 27 जुलाई 2017 (छठी बार)
  • 16 नवंबर 2020 (सातवीं बार)
  • 10 अगस्त 2022 (आठवीं बार)
  • 28 जनवरी 2024 (नौवीं बार)

संभावित जेडीयू मंत्रियों की सूची

  • विजय कुमार चौधरी — भूमिहार
  • विजेंद्र प्रसाद यादव — यादव
  • श्रवण कुमार — कुर्मी
  • अशोक चौधरी — दलित
  • लेसी सिंह — राजपूत
  • जमा खान — मुस्लिम
  • रत्नेश सादा — दलित
  • सुनील कुमार — दलित
  • श्याम रजक — दलित
  • दामोदर रावत — अति पिछड़ा