Patna AIIMS Doctors Strike: पटना एम्स के डॉक्टरों ने विधायक चेतन आनंद पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह से ही ओपीडी और आपातकालीन सेवाएं बंद हैं।
Patna News: बिहार की राजधानी पटना स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के डॉक्टरों ने हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल के चलते शुक्रवार सुबह 9 बजे से पटना एम्स में ओपीडी से लेकर आपातकालीन सेवाएं ठप हो गई हैं। डॉक्टरों का आरोप है कि बाहुबली आनंद मोहन और सांसद लवली आनंद के विधायक बेटे चेतन आनंद ने उनके साथ मारपीट की है। आरोप है कि चेतन आनंद ने एम्स के सुरक्षाकर्मियों और डॉक्टरों के साथ मारपीट की है।
चेतन आनंद पर डॉक्टरों से मारपीट का आरोप
पटना स्थित एम्स अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर शुक्रवार को अचानक काम पर नहीं आए। वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। डॉक्टरों का कहना है कि शिवहर विधायक चेतन आनंद ने अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की। डॉक्टरों का यह भी आरोप है कि विधायक ने एक रेजिडेंट डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दी। डॉक्टरों ने चेतन आनंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। वहीं, विधायक चेतन आनंद ने फुलवारी थाने में एम्स कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया है।
ट्रॉमा सेंटर में मारपीट की घटना का आरोप
पटना एम्स के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) ने अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में हड़ताल की जानकारी दी गई है। डॉक्टरों का कहना है कि 30 जुलाई की रात करीब 11 बजे ट्रॉमा सेंटर में मारपीट हुई थी। डॉक्टरों का आरोप है कि विधायक चेतन आनंद, उनकी पत्नी डॉ. आयुषी सिंह और उनके गार्ड जबरन अस्पताल में घुस आए। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की और हथियार लहराते हुए ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों को जान से मारने की धमकी दी।
एफआईआर दर्ज होने तक हड़ताल की धमकी
डॉक्टरों का कहना है कि बड़ी घटना के बाद भी विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुआ है। उन्होंने एम्स प्रशासन पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि प्रशासन कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं कर रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि इस घटना के बाद वो असहाय महसूस कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- पटना: इनकम टैक्स चौराहे पर धू-धू कर जली पुलिस की गाड़ी, देखें Video
'मांगे नहीं मानी गई तो आपातकालीन सेवाएं भी होगी बंद'
रेजिडेंट डॉक्टरों ने कहा है कि जब तक विधायक चेतन आनंद, उनकी पत्नी और गार्ड के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे आपातकालीन सेवाएं भी बंद कर देंगे। डॉक्टरों का कहना है कि वे डरे हुए हैं और चाहते हैं कि अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाई जाए।
ये भी पढे़ं- Tejashwi Yadav ने पहली बार दिखाई फैमिली फोटो, बच्चे और पत्नी के साथ शेयर किया भावुक पोस्ट
