बिहार के वैशाली जिले में दहेज के लोभ में सास-ससुर द्वारा एक विवाहिता को जलाकर मारने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के दौरान विवाहिता के लिए उसका पति भगवान साबित हुआ।

वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में दहेज के लोभ में सास-ससुर द्वारा एक विवाहिता को जलाकर मारने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के दौरान विवाहिता के लिए उसका पति भगवान साबित हुआ। आग से जलती हुई युवती की चीख पुकार सुनकर पति दौड़ा हुआ उसके पास आया। उसके शरीर पर लगी आग बुझाई और अस्पताल में एडमिट कराया। जहां विवाहिता का इलाज चल रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दिसम्बर 2022 में हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, गोरौल थाना क्षेत्र के हुसैना गांव निवासी दीनबंधु सिंह ने अपनी बेटी की शादी दो दिसम्बर 2022 को चंपापुर अग्रेल के रहने वाले राम सोगारथ महतो के बेटे सतीश कुमार के साथ धूमधाम से की ​थी। लड़की के पिता ने दहेज में अपनी क्षमता के अनुसार वर पक्ष को उपहार भी दिया। शादी के दो महीने बाद ही सास—ससुर कार के लिए बहू को प्रताड़ित करने लगे।

कार के लिए सास-ससुर कर रहे थे टार्चर

युवती के पिता का कहना है कि उनकी बेटी को कई दिनों से कार के लिए सास—ससुर द्वारा टार्चर किया जा रहा था। इसके पहले उनकी मोटरसाइकिल की डिमांड थी। उसके लिए उन्हें पैसा दिया जा चुका है। अब उनकी डिमांड कार की थी। बेटी किचन में थी, तभी सास—ससुर ने उनकी लड़की पर केरोसिन का तेल छिड़ककर आग लाग दी और खुद वहां से फरार हो गए। लड़की की आवाज सुनकर उसका पति दौड़ा हुआ आया और उसने अपनी की जान बचा ली।

आरोपी सास-ससुर गिरफ्तार

पुलिस ने पीड़ित युवती के बयान के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी सास ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सास—ससुर युवती पर मायके से कार मांगने के लिए दबाव बना रहे थे। इसी बात पर विवाद बढा था और युवती के शरीर पर केरोसिन का तेल छिड़ककर आग लगा दी गयी। घर में आवाज सुनकर पति दौड़ा आया और उसने आग बुझाई। हालांकि मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

किसने आग लगायी, यह पता नहीं

मीडिया रिपोर्टो के मुताबिक पति का कहना है कि पारिवारिक विवाद की वजह से उसके माता पिता और पत्नी के बीच विवाद हुआ। उसके बाद वह खाना बनाने चली गयी। उसने खुद को आग लगायी या घर वालों ने उसे आग लगायी। यह पता नहीं चला पर आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे तो वह झुलस रही थी।