बिहार के अररिया में जमीन विवाद सुलझाने गई महिला SI पर हमलावरों ने तीर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पटना: जमीन विवाद सुलझाने गई महिला पुलिस अधिकारी पर जानलेवा हमला हुआ है। हमलावरों ने तीर से हमला किया जिसमें महिला SI गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बुधवार सुबह बिहार के अररिया जिले के जॉकीहाट थाना क्षेत्र के एक गांव की है। बताया जा रहा है कि दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद सुलझाने महलगांव थाने की सब इंस्पेक्टर नुसरत परवीन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची थीं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पुलिस टीम पर तीरों से हमला किया। इस हमले में महिला SI नुसरत परवीन के सिर में तीर लग गया। बताया जा रहा है कि भूप नारायण यादव की शिकायत पर पुलिस टीम जमीन विवाद की जांच के लिए गांव में गई थी। भूप नारायण यादव का आरोप था कि कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है।

अररिया के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने बताया कि घायल महिला SI नुसरत परवीन की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह खुद मौके पर पहुंचे थे। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।