सुकमा में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शहीद एएसआई रामू राम नाग को श्रद्धांजलि दी, परिवार से मुलाकात की और शहीद की माताजी के लिए अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए।
रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सुकमा जिले के जगरगुंडा पहुंचकर शहीद एएसआई रामू राम नाग के निवास पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश की रक्षा और जनसेवा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

शहीद की माताजी से मिलकर जताई संवेदना
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने शहीद की माताजी से आत्मीय मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश और प्रदेश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अंत्योदय राशन कार्ड जल्द जारी करने के दिए निर्देश
मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहीद की माताजी के लिए अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि इससे परिवार को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। साथ ही उन्होंने शहीद परिवार की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
शहीद परिवारों के सम्मान के लिए सरकार प्रतिबद्ध
श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ विकास, विश्वास और शांति की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में प्रदेश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और उनके समग्र कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


