Chhattisgarh News: किरंदुल में कर्मा महोत्सव के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने एक करोड़ रुपए की लागत से बने तैलीय सदन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में साहू समाज, तेलघानी बोर्ड और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। समाज के विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया गया।

Arun Sav Kirandul Visit: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल में तहसील साहू संघ द्वारा आयोजित कर्मा महोत्सव, नवीन सामाजिक भवन नामकरण एवं लोकार्पण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से निर्मित भव्य तैलीय सदन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी तथा किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष रुबी शैलेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहीं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

साहू समाज की ईमानदारी और मेहनत उसकी पहचान : अरुण साव

कर्मा महोत्सव को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि किरंदुल में साहू समाज का छत्तीसगढ़ का सबसे भव्य सामाजिक भवन तैयार हुआ है। उन्होंने समाज के लोगों से इस भवन का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने की अपील की ताकि यह सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सके। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और मेहनत साहू समाज की सबसे बड़ी ताकत और पहचान है। समाज को अपनी इस विशेषता को हमेशा बनाए रखना चाहिए। श्री साव ने कहा कि साहू समाज का सभी समाजों के साथ आत्मीय और सौहार्दपूर्ण संबंध रहा है तथा यह समाज सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है।

युवाओं को माता कर्मा के आदर्शों पर चलने का संदेश

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज साहू समाज के युवा देश और विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। समाज निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि भक्त माता कर्मा के आदर्शों और उनके बताए मार्ग का अनुसरण कर समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

पुश्तैनी तेल व्यवसाय को बढ़ावा देने की अपील

छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू ने अपने संबोधन में कहा कि तेल निकालना साहू समाज का पारंपरिक और पुश्तैनी व्यवसाय रहा है। इसे फिर से मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने समाज के लोगों को तेल निकालने की मशीनें स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा तेल निष्कर्षण मशीनों की स्थापना पर 35 प्रतिशत तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है। इसका लाभ उठाकर समाज के लोग स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

शैक्षणिक कार्यों के लिए कमरे के निर्माण की घोषणा

दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि किरंदुल में साहू समाज के लगभग 300 परिवार निवास करते हैं और समाज के लोग क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने समाज की मांग पर शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक अतिरिक्त कमरे के निर्माण की घोषणा भी की। कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष रुबी शैलेन्द्र सिंह, तहसील साहू समाज के अध्यक्ष टीकमचंद साहू तथा छत्तीसगढ़ साहू समाज के संगठन सचिव ओमप्रकाश साहू ने भी संबोधित किया।

समाजरत्न सम्मान और कलाकारों का हुआ सम्मान

समारोह में उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए लालाराम साहू को समाजरत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं माता कर्मा प्रांगण की दीवारों पर आकर्षक कलाकृतियां बनाने वाले कलाकार कामता राम कोर्राम को भी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में भगवताचार्य यामिनी देवी साहू, लोक गायिका आरू साहू, पार्षद विनोद साहू, समाज के संरक्षक ओम साहू सहित प्रदेशभर से आए समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।