CG PWD News: अंबिकापुर दौरे पर पीडब्ल्यूडी सचिव मुकेश बंसल ने सड़क मरम्मत, पुल निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग बायपास और मेडिकल कॉलेज परियोजना की समीक्षा की। उन्होंने गुणवत्ता और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

रायपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्माण स्थलों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बारिश से पहले सड़क मरम्मत और गड्ढा भराई को सर्वोच्च प्राथमिकता

समीक्षा बैठक के दौरान सचिव मुकेश बंसल ने आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सड़क रखरखाव और गड्ढा मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बारिश शुरू होने से पहले सभी आवश्यक मरम्मत कार्य पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को पुल और पुलियों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि मानसून के दौरान लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सड़कों और पुलों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

पीडब्ल्यूडी सचिव ने अधिकारियों से कहा कि वे सड़कों और पुलों की नियमित निगरानी करें तथा उनकी वर्तमान स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षति या समस्या की जानकारी मिलते ही तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं

मुकेश बंसल ने सभी निर्माण परियोजनाओं में गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर निरीक्षण करने और कार्यों की कड़ी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में मैदानी अधिकारियों ने वर्तमान में चल रहे कार्यों, प्रस्तावित परियोजनाओं तथा आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग बायपास परियोजना का किया निरीक्षण

सचिव मुकेश बंसल ने अंबिकापुर में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग बायपास परियोजना का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अंडरपास, पुल और अन्य संरचनात्मक निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क और पुल निर्माण कार्य हर हाल में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। इससे नागरिकों को जल्द बेहतर और सुगम यातायात सुविधाएं मिल सकेंगी।

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य को गति देने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज परिसर का दौरा कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधोसंरचना से जुड़े निर्माण कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इनमें किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। समय पर परियोजना पूरी होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।