वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ की मरीन ड्राइव, ISBT और ऑक्सीजोन सहित कई विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

रायपुर। रायगढ़ विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को नगर निगम क्षेत्र में चल रही विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीन ड्राइव, अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी), एफसीआई ऑक्सीजोन, मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन और कयाघाट पुल सहित कई प्रमुख निर्माण कार्यों का स्थल पर पहुंचकर अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Raigarh Development Project: आधुनिक और सुविधासंपन्न शहर बनाने का लक्ष्य

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ को प्रदेश के सबसे आधुनिक, व्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से युक्त शहरों में शामिल करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सड़क, परिवहन, पर्यावरण संरक्षण, जल संरचना और शहरी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं पूरी होने के बाद रायगढ़ विकास का एक नया उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

Marine Drive Raigarh: नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य

प्रगति नगर में निर्माणाधीन मरीन ड्राइव परियोजना का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य बॉक्स कल्वर्ट और डायवर्सन निर्माण कार्य समय पर पूरा होने पर संतोष जताया तथा संबंधित एजेंसियों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि मरीन ड्राइव केवल यातायात सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह रायगढ़ की नई पहचान के रूप में विकसित होगा। इस परियोजना से शहर की सुंदरता बढ़ेगी, ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल भी मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवंबर माह तक इस परियोजना को पूर्ण किया जाए।

ISBT Raigarh: अत्याधुनिक बस टर्मिनल से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) का निरीक्षण करते हुए श्री चौधरी ने बताया कि इस परियोजना की योजना आगामी 40 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि नए बस टर्मिनल में एक समय में 30 बसों के संचालन की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा 40 अतिरिक्त बसों के लिए पार्किंग और आवश्यक स्थान भी सुरक्षित रखा गया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक वेटिंग एरिया बनाया जा रहा है, जहां लगभग 550 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। साथ ही बसों की मरम्मत और रखरखाव के लिए अलग से वर्कशॉप क्षेत्र भी विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बस टर्मिनल रायगढ़ को प्रदेश और देश के अन्य प्रमुख शहरों से बेहतर परिवहन संपर्क उपलब्ध कराएगा।

Oxyzone Project Raigarh: हरियाली और स्वच्छ वातावरण को मिलेगा बढ़ावा

वित्त मंत्री ने एफसीआई परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया। लगभग सात एकड़ क्षेत्र में तैयार हो रहे इस हरित क्षेत्र को उन्होंने शहर के पर्यावरणीय संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑक्सीजोन में दो प्रवेश द्वार विकसित किए जाएं। श्री चौधरी ने कहा कि तेजी से हो रहे शहरी विस्तार के बीच हरित क्षेत्रों का विकास अत्यंत आवश्यक है। यह परियोजना शहरवासियों को स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी।

Environment Protection in Raigarh: विकास और पर्यावरण साथ-साथ

श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व दिया जा रहा है। इसी सोच के तहत शहर में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के निर्माण के साथ-साथ हरित परियोजनाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।