मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के बाद कोसरंगी गांव की महिलाओं को 50 निःशुल्क सिलाई मशीनें वितरित की गईं। जन चौपाल में महिलाओं की मांग पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा आरंग विकासखंड के कोसरंगी गांव में की गई घोषणा पर प्रशासन ने तेजी से अमल किया। मुख्यमंत्री के निर्देश के अगले ही दिन मीरा एवं राधा ग्राम संगठन की महिलाओं को 50 निःशुल्क सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। यह वितरण कार्यक्रम कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें जिला पंचायत सदस्य श्री गुरु सौरभ साहेब और जनपद पंचायत आरंग अध्यक्ष श्रीमती ताकेश्वरी मुरली साहू उपस्थित रहे।

एलआरसी सेंटर निरीक्षण के दौरान महिलाओं ने रखी थी सिलाई मशीन की मांग
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में आरंग विकासखंड स्थित एलआरसी सेंटर, कोसरंगी का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने ग्राम संगठन की महिलाओं से मुलाकात कर उनकी आजीविका गतिविधियों और स्वरोजगार से जुड़े कार्यों की जानकारी ली थी।
जन चौपाल कार्यक्रम में महिलाओं ने मुख्यमंत्री के सामने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सिलाई मशीन उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की जरूरत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही अधिकारियों को जल्द सिलाई मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत पहुंचाई मदद
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिलाओं तक सिलाई मशीनें पहुंचाईं। सिलाई मशीन मिलने से ग्राम संगठन की महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया। ग्राम कोसरंगी की श्रीमती सपना पटेल ने बताया कि जन चौपाल के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से सिलाई मशीन की मांग की थी और अगले ही दिन प्रशासन द्वारा मशीन उपलब्ध करा दी गई। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। वहीं मीरा ग्राम संगठन की सदस्य श्रीमती यशोदा मांडले ने भी मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
स्वरोजगार और महिला आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
ग्राम संगठन की महिलाओं ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उनकी जरूरत को समझते हुए तुरंत निर्णय लिया, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिलेगा। महिलाओं का कहना है कि सिलाई मशीनों के माध्यम से वे घर बैठे रोजगार शुरू कर सकेंगी और इससे परिवार की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए काफी लाभकारी साबित होगी।


