मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के डुमरतराई थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया। परिसर का नाम सरदार पटेल के नाम पर होगा और 15 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर के डुमरतराई स्थित छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का नाम देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखा जाएगा। साथ ही परिसर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर उनकी 15 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को दी जाएगी स्थायी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी थी। उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को सम्मान देने के लिए इस व्यापारिक परिसर का नाम उनके नाम पर रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कदम देश के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद रखने का प्रतीक बनेगा।

आधुनिक थोक बाजार से व्यापार और रोजगार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि व्यापार और रोजगार एक-दूसरे के पूरक हैं। जहां आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं विकसित होती हैं, वहां निवेश बढ़ता है, आर्थिक गतिविधियां तेज होती हैं और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि डुमरतराई का यह आधुनिक थोक बाजार रायपुर ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापार को नई गति देगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

36 एकड़ में विकसित अत्याधुनिक व्यापारिक परिसर की खासियत

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस अत्याधुनिक थोक बाजार में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, व्यवस्थित यातायात व्यवस्था और आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने वाली महत्वपूर्ण पहल है।

'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' और 'ईज ऑफ लिविंग' पर सरकार का विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ-साथ ईज ऑफ लिविंग पर भी बराबर ध्यान दे रही है। निवेशकों और व्यापारियों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने हेतु कई सुधार किए गए हैं, जिनका सकारात्मक असर प्रदेश की आर्थिक प्रगति में दिखाई दे रहा है।

गृह निर्माण मंडल अब अधोसंरचना विकास में भी निभा रहा बड़ी भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है। मंडल प्रदेश की विभिन्न अधोसंरचना परियोजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि नई कार्यशैली और बेहतर प्रबंधन के जरिए मंडल विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

ओ.पी. चौधरी बोले- वर्षों पुराना सपना हुआ साकार

आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में व्यापारिक अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में जिस आधुनिक थोक बाजार की कल्पना की गई थी, वह अब साकार हो चुकी है। इससे व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम होगी।

अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया विकास का नया मॉडल

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि नवीन थोक बाजार गुणवत्ता, नवाचार और जनसेवा के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना व्यापार, निवेश, रोजगार सृजन और प्रदेश के समग्र आर्थिक विकास को नई दिशा देगी।

दो चरणों में तैयार हुआ आधुनिक थोक बाजार परिसर

डुमरतराई थोक बाजार का निर्माण दो चरणों में पूरा किया गया है। पहले चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें और हॉल बनाए गए। वहीं दूसरे चरण में करीब 145 करोड़ रुपये खर्च कर 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया। दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सभी सुविधाओं से युक्त थोक व्यापारिक परिसर की सौगात मिली है।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और व्यापारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।