बस्तर की सोमारी बाई को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का घर मिला। जल जीवन मिशन, उज्ज्वला और मनरेगा जैसी योजनाओं से भी परिवार को बड़ा लाभ मिला।
रायपुर। हर परिवार का सपना होता है कि उसके सिर पर सुरक्षित और पक्का घर हो। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड की ग्राम पंचायत सिंगनपुर की रहने वाली सोमारी बाई का यह सपना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से साकार हुआ। जो परिवार कभी कच्ची झोपड़ी में कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताता था, वह आज सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त पक्के मकान में सम्मानपूर्वक रह रहा है।

कच्चे मकान में हर साल झेलनी पड़ती थी परेशानी
अनुसूचित जनजाति वर्ग से आने वाली सोमारी बाई अपने पांच सदस्यीय परिवार के साथ वर्षों तक कच्चे घर में रहती थीं। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकता था, जबकि गर्मी और सर्दी में भी परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा हर साल मकान की मरम्मत पर होने वाला खर्च उनके लिए आर्थिक बोझ बन जाता था।
प्रधानमंत्री आवास योजना से मिली 1.20 लाख रुपये की सहायता
वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सोमारी बाई का आवेदन स्वीकृत हुआ। योजना के अंतर्गत उन्हें तीन किश्तों में कुल 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली। इस राशि की मदद से उन्होंने 27 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अपना नया पक्का मकान तैयार कराया।
जल जीवन मिशन, उज्ज्वला और स्वच्छ भारत मिशन का भी मिला लाभ
सरकार ने विभिन्न योजनाओं के समन्वय के माध्यम से सोमारी बाई के घर को एक "पूर्ण घर" के रूप में विकसित किया। जल जीवन मिशन के तहत घर तक नल से स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन मिला, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय का निर्माण कराया गया। इसके अलावा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के माध्यम से मकान निर्माण के लिए 90 दिनों की मजदूरी का भुगतान भी किया गया, जिससे परिवार को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिली।
मकान की मरम्मत का खर्च बचा, बच्चों की पढ़ाई पर बढ़ा ध्यान
पक्का घर बनने के बाद सोमारी बाई के परिवार के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। अब उन्हें हर वर्ष मकान की मरम्मत पर खर्च नहीं करना पड़ता। इस बचत का उपयोग परिवार बच्चों की शिक्षा और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करने में कर रहा है। सुरक्षित आवास मिलने से परिवार को मौसम की मार और बीमारियों से भी काफी राहत मिली है। साथ ही समाज में उनका सम्मान और आत्मविश्वास भी पहले से बढ़ा है।
सोमारी बाई ने सरकार का जताया आभार
सोमारी बाई ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने उनके परिवार का वर्षों पुराना सपना पूरा कर दिया। उन्होंने सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए सरकार के प्रति आभार जताया और कहा कि इस योजना ने उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।


