नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले IPL 2026 मैचों को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, बिजली, पानी और आपातकालीन सेवाओं को लेकर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं।

नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले टाटा आईपीएल टी-20 मैचों को लेकर राज्य प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बिजली और आपातकालीन सेवाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि आईपीएल मैचों के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं पहले से मजबूत और सुचारू होनी चाहिए। प्रशासन का उद्देश्य दर्शकों को सुरक्षित और बेहतर अनुभव देना है।

IPL Match Schedule 2026: कब और किन टीमों के बीच होंगे मुकाबले

नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दो बड़े मुकाबले खेले जाएंगे।

  • 10 मई 2026: Royal Challengers Bengaluru बनाम Mumbai Indians
  • 13 मई 2026: Royal Challengers Bengaluru बनाम Kolkata Knight Riders

इन मैचों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

IPL Security Arrangement: सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर खास फोकस

मुख्य सचिव श्री विकासशील ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्टेडियम पहुंचने वाले हजारों दर्शकों की सुरक्षा प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बाद रायपुर पहुंचने वाली भीड़ को संभालने के लिए पुलिस विभाग विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करेगा। स्टेडियम और पार्किंग एरिया के आसपास बड़ी संख्या में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस, NRDA और BCCI की संयुक्त टीम संभालेगी।

Emergency Services For IPL: फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस के लिए अलग रूट

मैचों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस के लिए अलग इमरजेंसी रूट तैयार किए जाएंगे। ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। आयोजन की निगरानी के लिए कलेक्टर रायपुर की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति बनाई गई है। इसमें पुलिस, नगर निगम, खेल विभाग, परिवहन विभाग और NRDA के वरिष्ठ अधिकारी शामिल किए गए हैं।

IPL Stadium Facilities: पानी, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं पर प्रशासन का फोकस

हालांकि मैचों के आयोजन की जिम्मेदारी BCCI और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की है, लेकिन राज्य प्रशासन भी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा।लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) को स्टेडियम में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं बिजली विभाग को मैचों के दौरान निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

High Level Meeting: कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग, PHE, खेल विभाग, पुलिस, परिवहन, ऊर्जा और पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा BCCI और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों ने भी अपनी तैयारियों की जानकारी साझा की।