Chhattisgarh State Election Commission: नवा रायपुर में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति की बैठक में स्थानीय निकाय चुनावों को पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और समय पर कराने पर चर्चा हुई। राज्यों के बीच चुनावी डेटाबेस साझा करने, ईवीएम प्रबंधन प्रणाली और M-3 मॉडल ईवीएम के साझा इस्तेमाल पर सहमति बनी।
State Election Commissioners Meeting: नवा रायपुर अटल नगर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन के तहत हुई इस बैठक में स्थानीय निकाय चुनावों को आसान, पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और समय पर कराने से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
ईवीएम प्रबंधन और तकनीकी व्यवस्था पर चर्चा
बैठक में स्थायी समिति की तीन उप-समितियों के कामकाज की प्रगति की समीक्षा की गई। विभिन्न राज्यों में इस्तेमाल की जा रही ऑनलाइन चुनावी व्यवस्थाओं और तकनीकी पहलों को साझा करने पर जोर दिया गया, ताकि दूसरे राज्य भी इन व्यवस्थाओं को अपनाकर चुनाव प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बना सकें।
जरूरत के समय राज्यों के बीच ईवीएम उपलब्ध कराने के लिए ‘ईवीएम प्रबंधन प्रणाली सॉफ्टवेयर’ तैयार करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इस सॉफ्टवेयर को विकसित करने की जिम्मेदारी बिहार राज्य निर्वाचन आयोग संभाल रहा है।
चुनावी डेटाबेस साझा करने पर बनी सहमति
बैठक में राज्यों के बीच चुनावी डेटाबेस साझा करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। यह सुझाव गुजरात और महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से रखा गया था। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर राज्यों को M-3 मॉडल ईवीएम उपलब्ध कराने और इनके साझा इस्तेमाल की व्यवस्था पर भी सहमति बनी। यह प्रस्ताव पश्चिम बंगाल राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से रखा गया था।
निर्वाचन आयुक्तों ने अलग-अलग राज्यों की चुनावी व्यवस्थाओं और नवाचारों से सीखने के लिए चुनाव कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारी साझा करने तथा एक-दूसरे के राज्यों में अध्ययन दौरे आयोजित करने पर भी जोर दिया।
समय पर चुनाव कराने पर मंथन
बैठक में स्थानीय निकाय चुनाव समय पर कराने में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। आयुक्तों ने चुनाव प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और सफल प्रयोगों को साझा करने की जरूरत पर जोर दिया।
इसके साथ ही ‘कोऑपरेटिव फेडरलिज्म और मल्टीलेवल गवर्नेंस’ विषय पर होने वाले आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए पुणे को संभावित स्थल के रूप में तय किया गया। नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार ने शहर के विकास और आधुनिक स्वरूप पर प्रस्तुति भी दी।
नवीन विधानसभा भवन का किया भ्रमण
बैठक के बाद विभिन्न राज्यों के निर्वाचन आयुक्तों ने सपरिवार नवा रायपुर के सेक्टर-19 स्थित छत्तीसगढ़ के नवीन विधानसभा भवन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सदन की कार्यप्रणाली और विधायी गतिविधियों से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
आयुक्तों ने नवा रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों का भी भ्रमण किया। इस दौरान शहर में शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक के क्षेत्र में विकसित की जा रही सुविधाओं तथा सुनियोजित शहरी विकास मॉडल की जानकारी ली।
डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम में देखी जनजातीय संघर्षों की झलक
भ्रमण के अंतिम चरण में निर्वाचन आयुक्तों ने नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह-जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का अवलोकन किया। इसे देश के पहले डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
संग्रहालय में डिजिटल तकनीक और स्क्रीन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के जनजातीय आंदोलनों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं को प्रदर्शित किया गया है। आयुक्तों ने हल्बा विद्रोह, सरगुजा विद्रोह, परलकोट, तारापुर, लिंगागिरी, भूमकाल और सोनाखान विद्रोह सहित विभिन्न ऐतिहासिक संघर्षों की प्रस्तुतियां देखीं।
दौरे के अंत में संग्रहालय परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं, जिसका निर्वाचन आयुक्तों ने आनंद लिया।
