PM Awas Yojana Urban 2.0: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) से कोरबा के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पक्के घर का सहारा मिला। बारिश, सीलन और कच्चे मकान की परेशानियों से निकलकर परिवार अब सुरक्षित घर में बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ रह रहे हैं।

बारिश की रात में टपकती छत, सीलन और सांप-बिच्छुओं का डर... कभी यही रोजमर्रा की चिंता थी। लेकिन अब कोरबा के कई परिवारों के लिए पक्की छत सिर्फ मकान नहीं, बल्कि सुरक्षित और बेहतर भविष्य की शुरुआत बन गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को घर बनाने के लिए मिली सहायता ने उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव किया है।

बारिश में डर नहीं, अब पक्की छत का सुकून

कोरबा के पोड़ीबहार निवासी आनंद राम लंबे समय तक कच्चे मकान में रहे। बारिश के दिनों में छत टपकने और सीलन के साथ जहरीले जीव-जंतुओं का डर बना रहता था। योजना के तहत आवास स्वीकृत होने और किश्तों में सहायता मिलने के बाद उन्होंने अपना पक्का घर तैयार किया। अब परिवार के लिए घर सुरक्षा और सुकून का आधार बन गया है।

कोसाबाड़ी की ललिता रजक के लिए भी पक्का मकान वर्षों पुराना सपना था। आर्थिक परेशानी के कारण निर्माण मुश्किल था, लेकिन योजना से मिली मदद ने इस सपने को पूरा करने में सहयोग किया।

यह भी पढ़ें: Udta Teer Trailer: ‘उड़ता तीर’ का ट्रेलर धमाकेदार, पाकिस्तानी जासूस की कॉमेडी देख हो जाएंगे लोट-पोट

PM Awas Yojana 2.0 से मिला घर बनाने का सहारा

काशीनगर की गुंजा साहू के परिवार को पीएम आवास (शहरी) 2.0 के तहत तीन किश्तों में करीब 2.50 लाख रुपये की सहायता मिली। परिवार ने अपनी बचत भी लगाई और पक्का मकान तैयार किया। पहले बारिश में पानी टपकने और सांप-बिच्छुओं का डर रहता था, अब परिवार सुरक्षित घर में रह रहा है।

छुरीकला नगर पंचायत के सुनील कुमार तिवारी के परिवार को 2.26 लाख रुपये की स्वीकृत लागत में केंद्र और राज्य की सहायता मिली। मिट्टी के दो कमरों के मकान से निकलकर परिवार अब पक्के घर में रह रहा है।

घर के साथ जुड़ी बेहतर भविष्य की उम्मीद

पथर्रीपारा के सनातन प्रसाद पाठक और धरम लाल ध्रुव के परिवारों को भी आवास योजना के जरिए पक्का घर मिला। ठेका मजदूरी और सीमित आय के बीच अपने दम पर घर बनाना आसान नहीं था। योजना की सहायता से अब दोनों परिवारों को मजबूत छत और दीवारों के साथ मौसम की परेशानियों से राहत मिली है।

इन परिवारों के अनुभव बताते हैं कि आवास योजना का असर सिर्फ मकान की चारदीवारी तक सीमित नहीं है। सुरक्षित घर मिलने से परिवारों में स्थायित्व, सुविधा और भविष्य को लेकर भरोसा बढ़ा है। लाभार्थियों ने योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है।

यह भी पढ़ें: Ganesh Visarjan: बप्पा को विदाई से पहले भक्तों ने मांगी मन्नत, 10 तस्वीरों में देखें गणपति विसर्जन