रायपुर के महादेव घाट पर PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर सवा लाख दीपों से खारुन तट जगमगाया। CM विष्णु देव साय ने महाआरती में शामिल होकर स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
रायपुर की शाम गुरुवार को कुछ अलग नजर आई। महादेव घाट पर खारुन नदी का तट एक साथ जलते सवा लाख दीपों से रोशन हो उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के मौके पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए। यहां खारुन मैया की महाआरती के साथ प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
सवा लाख दीपों से दिया गया शुभकामना संदेश
महादेव घाट पर आयोजित विराट दीपोत्सव में 1.25 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महाआरती में हिस्सा लिया और प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में आशा, विश्वास और प्रकाश का प्रतीक है। उनके मुताबिक, खारुन तट पर जलाया गया हर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन के साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं राम आसरे कुशवाहा? कभी मुलायम के करीबी थे, अब 13 साल बाद सपा में वापसी
मुख्यमंत्री साय ने गिनाए मोदी सरकार के बड़े फैसले
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए कई बड़े बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने और अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक घटनाओं के तौर पर गिनाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं में गरीब और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को प्राथमिकता दी गई है। पक्का मकान, शौचालय, जन-धन खाते, गैस कनेक्शन और खाद्य सुरक्षा जैसी सुविधाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।
‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत, एक महीने तक होंगे कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कामों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने की बात मुख्यमंत्री ने कही।
बस्तर से लेकर रायपुर तक विकास का जिक्र
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ और प्रधानमंत्री मोदी के जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिले सहयोग और सुरक्षा बलों के प्रयासों से बस्तर में माओवादी हिंसा के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता मिली है। साय के अनुसार, बस्तर के दूरस्थ इलाकों में सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि शांति के माहौल में पर्यटन, संस्कृति और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था को स्थानीय रोजगार से जोड़ने की संभावनाएं बढ़ी हैं।
रायपुर में करीब 32 लाख दीप जलाने का दावा
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में अलग-अलग स्थानों पर करीब 32 लाख दीप प्रज्वलित कर शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं। महादेव घाट का ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम इसी व्यापक आयोजन का हिस्सा रहा। इस दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती और आचार्यों ने विधि-विधान से खारुन मैया की महाआरती की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित और स्वरबद्ध गीत का भी विमोचन किया गया।
यह भी पढ़ें: लाखों दीयों से जगमगाया उज्जैन... PHOTOS में देखिए, शिप्रा घाट का बदला-बदला नजारा
