रायपुर में सहकारिता सप्ताह 2026 का शुभारंभ हुआ। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता को जनआंदोलन बनाकर ग्रामीण परिवारों और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत किया जाएगा।

रायपुर। सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ आज रायपुर स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि लोगों को साथ लेकर विकास करने की एक मजबूत सोच है। सरकार का उद्देश्य सहकारिता को जनआंदोलन बनाकर प्रत्येक ग्रामीण परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्षों में मिला नया विस्तार और नई पहचान

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना और केंद्रीय सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश में सहकारिता क्षेत्र को नई पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में सहकारिता के माध्यम से किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। इन प्रयासों से सहकारी संस्थाओं की भूमिका और प्रभाव दोनों मजबूत हुए हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार गांव-गांव तक सहकारिता को बना रही मजबूत

सहकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सहकारिता व्यवस्था को गांव-गांव तक मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक कृषि साख समितियों को अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन प्रयासों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

'साथ मिलकर विकास' ही सहकारिता का मूल मंत्र : केदार कश्यप

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि "साथ मिलकर विकास" ही सहकारिता का मूल मंत्र है। इसी सोच के साथ आत्मनिर्भर भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार किया जा सकता है। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि सहकारी व्यवस्था पर लोगों का भरोसा और मजबूत हो। उन्होंने यह भी कहा कि सहकारिता सप्ताह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि सहकारिता की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने का एक बड़ा अभियान है।

सप्ताहभर होंगे कार्यक्रम, युवाओं को सहकारिता से जोड़ने पर रहेगा फोकस

मंत्री ने बताया कि पूरे सप्ताह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को सहकारिता आंदोलन से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सहकारिता आंदोलन के जनक पंडित वामनराव बलिराम लाखे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

कई जनप्रतिनिधि और सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित के अध्यक्ष श्री केदारनाथ गुप्ता, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष श्री निरंजन सिन्हा, उपाध्यक्ष श्री अभिनेष कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सहकारी संस्थाओं के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।