मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यूनिसेफ प्रतिनिधि से मुलाकात कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन और बच्चों के बेहतर पोषण के लिए संयुक्त कार्ययोजना पर जोर दिया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज मंत्रालय महानदी भवन में भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिधि सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन और बच्चों के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य के साथ-साथ बेहतर पोषण सुनिश्चित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में स्थायी और प्रभावी बदलाव लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को मिलकर काम करना होगा।
मातृ मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर और कुपोषण कम करने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं। उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा आदिम जाति विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से समन्वित और परिणाम आधारित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ऐसी रणनीति बनाई जाए जिससे शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर और कुपोषण जैसी चुनौतियों में प्रभावी कमी लाई जा सके। मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि अलग-अलग विभाग साझा लक्ष्य और बेहतर समन्वय के साथ काम करेंगे, तभी योजनाओं का वास्तविक लाभ लोगों तक पहुंचेगा।
मल्टी-सेक्टोरल रणनीति से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बहु-विभागीय (मल्टी-सेक्टोरल) रणनीति तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश के बच्चों के पोषण स्तर में गुणवत्तापूर्ण सुधार दिखाई दे।
UNICEF प्रतिनिधि का सम्मान, 75 वर्ष पूरे होने पर स्मारक डाक टिकट भेंट
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे का शॉल ओढ़ाकर तथा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान 'नंदी' स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। वहीं, यूनिसेफ की भारत प्रतिनिधि ने भारत में यूनिसेफ के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी विशेष स्मारक डाक टिकट मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को भेंट किया।
'जय जोहार' के साथ यूनिसेफ प्रतिनिधि ने जताया छत्तीसगढ़ पर भरोसा
सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे ने मुख्यमंत्री का 'जय जोहार' कहकर अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सरल स्वभाव वाले लोगों का प्रदेश है। उन्होंने बताया कि यूनिसेफ लंबे समय से राज्य सरकार के साथ मिलकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और यूनिसेफ के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश के बच्चों का भविष्य और अधिक सुरक्षित, स्वस्थ तथा समृद्ध बनेगा।
बैठक में ये प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव श्री विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ में यूनिसेफ की प्रमुख सुश्री सीमा कुमार, श्री अनिल गुलाटी तथा डॉ. बाल पारितोष दास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


