Rekha Gupta Dussehra 2026: दिल्ली के द्वारका में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ CM रेखा गुप्ता ने विजयादशमी समारोह में हिस्सा लिया। रेखा गुप्ता ने राम के आदर्शों और सामाजिक बुराइयों पर बड़ा संदेश दिया।
दिल्ली के द्वारका में विजयादशमी का मंच इस बार खास रहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी मौजूदगी में आयोजित रामलीला और दशहरा समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं। रेखा गुप्ता ने इस मौके की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि भगवान राम के हाथों रावण का वध अधर्म, अत्याचार और अहंकार के अंत का शाश्वत संदेश है।
राष्ट्रपति मुर्मू के साथ दशहरा समारोह में शामिल हुईं CM रेखा
द्वारका सेक्टर-10 में आयोजित विजयादशमी समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचीं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी उनके साथ कार्यक्रम में मौजूद रहीं। राष्ट्रपति ने इस दौरान रावण के पुतले का दहन किया। रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति की मौजूदगी को अपने लिए सौभाग्य बताया और विजयादशमी को भगवान राम के आदर्शों को याद करने का अवसर बताया।
यह भी पढ़ें: VIDEO: दशहरे पर PM मोदी ने चलाया धनुष-बाण, रावण दहन के बीच दिखा अलग अंदाज
'अधर्म ने मर्यादा को चुनौती दी तो धर्म की शक्ति ने किया विनाश'
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम के हाथों रावण का वध अधर्म, अत्याचार और अहंकार के अंत का शाश्वत उद्घोष है। उन्होंने लिखा कि जब-जब अधर्म ने मर्यादा को चुनौती दी, तब-तब धर्म की शक्ति ने उसका विनाश किया। रेखा गुप्ता के मुताबिक विजयादशमी लोगों को अधर्म और अन्याय के खिलाफ खड़े होने तथा भगवान राम के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने दिल्लीवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की।
रेखा गुप्ता ने गिनाईं समाज की बुराइयां
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भगवान राम के आदर्शों को सामाजिक बुराइयों से जोड़ते हुए भ्रष्टाचार, अपराध, भेदभाव और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार जैसी समस्याओं से लड़ने का आह्वान किया। वहीं राष्ट्रपति मुर्मू ने भी विजयादशमी को धर्म और न्याय की अधर्म व अन्याय पर जीत का पर्व बताते हुए राम कथा के आदर्शों को याद किया।इस तरह द्वारका का दशहरा समारोह धार्मिक परंपरा के साथ सामाजिक मूल्यों और जनकल्याण के संदेश का मंच भी बना।
यह भी पढ़ें: दिल्ली से लेह तक धू-धूकर जला रावण, PM मोदी से राष्ट्रपति मुर्मू तक ने मनाया दशहरा, देखें VIDEO






