सार

दिल्ली में 27 साल बाद बनी BJP सरकार में रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) मुख्यमंत्री बनीं। छह मंत्रियों के साथ शपथ लेने के बाद तुरंत पोर्टफोलियो (Portfolios) भी अलाट कर दिए गए। जानें, दिल्ली के नए मंत्रियों को कौन-कौन सा विभाग सौंपा गया।

 

Delhi new Ministers Portfolios: राजधानी दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी ने अपनी सरकार बना ली है। प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल कर आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर करने के बाद बीजेपी सरकार का गुरुवार को गठन हुआ। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छह मंत्रियों के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। नई सरकार में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) और उनके कैबिनेट मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। सरकार की कमान संभालने के साथ ही रेखा गुप्ता के पास 10 मंत्रालयों की ज़िम्मेदारी दी गई है जबकि परवेश वर्मा (Parvesh Verma) और आशीष सूद (Ashish Sood) को अहम विभाग मिले हैं।

रेखा गुप्ता के पास वित्त और कई अहम मंत्रालय

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास सबसे भारी भरकम मंत्रालय वित्त (Finance) का प्रभार रहेगा। इसके अलावा, वह राजस्व, सामान्य प्रशासन, सूचना और जनसंपर्क, सतर्कता, भूमि और भवन, महिला एवं बाल विकास समेत कई महत्वपूर्ण विभाग भी देखेंगी। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें गृह मंत्रालय (Home Ministry) मिलेगा, लेकिन यह विभाग आशीष सूद (Ashish Sood) को सौंपा गया है।

परवेश वर्मा को जल मंत्रालय, यमुना सफाई की बड़ी जिम्मेदारी

पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे परवेश वर्मा को जल मंत्रालय (Water Ministry) सौंपा गया है। इसके अलावा, उन्हें सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग (Irrigation and Flood Control Department) की जिम्मेदारी भी दी गई है, जिसे यमुना नदी की सफाई का काम सौंपा गया है।

आशीष सूद को गृह मंत्रालय, शिक्षा और बिजली भी सौंपा गया

बीजेपी दिल्ली के पूर्व उपाध्यक्ष आशीष सूद को गृह मंत्रालय (Home Ministry) का प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही, उनके पास शिक्षा (Education) और बिजली (Power Department) भी रहेगा, जो AAP सरकार के कार्यकाल में सबसे चर्चित विभाग रहे थे।

कपिल मिश्रा को मिला कानून विभाग

कभी आम आदमी पार्टी के साथ रहे और बाद में बीजेपी में शामिल हुए कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) को कानून और न्याय मंत्रालय (Law and Justice Department) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, उन्हें श्रम, कला और संस्कृति, भाषा और पर्यटन विभाग भी सौंपा गया है।

मनजिंदर सिंह सिरसा को उद्योग और पर्यावरण मंत्रालय

बीजेपी के सिख चेहरे मनजिंदर सिंह सिरसा (Manjinder Singh Sirsa) को खाद्य और आपूर्ति, वन और पर्यावरण तथा उद्योग मंत्रालय (Industries Ministry) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यमुना सफाई अभियान में उनका रोल अहम रहेगा, क्योंकि औद्योगिक कचरे को नियंत्रित करना उनके मंत्रालय का मुख्य काम होगा।

रविंदर सिंह को सामाजिक कल्याण मंत्रालय

रविंदर सिंह (Ravinder Singh) को सामाजिक कल्याण (Social Welfare), अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण (SC/ST Welfare), सहकारिता (Cooperative) और चुनाव विभाग (Elections) की जिम्मेदारी दी गई है।

यह भी पढ़ें:

Delhi Govt first cabinet meeting: दिल्ली में लागू होगा आयुष्मान भारत, 14 CAG रिपोर्ट्स होंगी पेश