गांधी जयंती पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने आजादपुर में 'सेवा मेरा योगदान' अभियान के तहत सफाई की। उन्होंने पैदल मुआयना कर अतिक्रमण पर अफसरों को फटकार लगाई और अटल चौक बनाने का ऐलान किया।

नई दिल्ली। गांधी जयंती के मौके पर शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आजादपुर में 'सेवा मेरा योगदान' अभियान के तहत सफाई अभियान में हिस्सा लिया। सीएम ने खुद झाड़ू लगाकर इलाके की सफाई की और फिर पूरे इलाके का पैदल ही मुआयना किया।

इस दौरान उन्होंने सेंट्रल वर्ज, फुटपाथ, सड़क किनारे की दीवारों, नालियों और सार्वजनिक जगहों के हालात का जायजा लिया। फुटपाथ पर अतिक्रमण, दीवारों पर लगे अवैध पोस्टर और इधर-उधर फैले कचरे को देखकर सीएम भड़क गईं। उन्होंने मौके पर मौजूद अफसरों को कड़ी फटकार लगाते हुए तुरंत एक्शन लेने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि सार्वजनिक जगहों की सफाई में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इन समस्याओं का पक्का इलाज होना चाहिए।

सीएम ने फुटपाथ पर फल बेचने वालों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि गरीबों की रोजी-रोटी बचाना जरूरी है, लेकिन पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ खाली रखना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि दुकानदारों के लिए एक व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाया जाए ताकि लोगों को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो।

इसके साथ ही उन्होंने मंडी के मजदूरों से अपील की कि वे काम खत्म होने के बाद फुटपाथ पर कचरा न छोड़ें। उन्होंने समझाया कि यही कचरा नालियों में जाकर जलभराव की वजह बनता है।

मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि जिस चौराहे का अभी विकास किया जा रहा है, उसका नाम 'अटल चौक' रखा जाएगा। यहां दिसंबर में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति लगाई जाएगी। उन्होंने अफसरों को इस चौक के सौंदर्यीकरण, हरियाली और दीवारों पर पेंटिंग पर खास ध्यान देने को कहा।

इस मौके पर सीएम ने कहा कि महात्मा गांधी ने सफाई को एक सभ्य समाज की नींव बताया था। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 साल पहले शुरू हुआ स्वच्छ भारत मिशन आज एक जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सफाई सिर्फ एक दिन का अभियान नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनना चाहिए।