CM Rekha Gupta Vindhyachal Dham Visit: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मिर्जापुर के मां विंध्यवासिनी धाम में पूजा-अर्चना की। पति मनीष गुप्ता के साथ दर्शन कर देश की खुशहाली की कामना की।

Delhi CM Rekha Gupta Maa Vindhyavasini Darshan: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ माता के दर्शन किए और देश के सभी लोगों की खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भाजपा कार्यकर्ता भी पहुंच गए। इस दौरान सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे।

सीएम रेखा गुप्ता ने मां विंध्यवासिनी के चरणों में टेका माथा

दोपहर करीब 2 बजे रेखा गुप्ता मंदिर पहुंचीं। उन्होंने मां विंध्यवासिनी की पूजा की और कहा कि यह धाम सदियों से करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। उन्होंने कामना की कि मां का आशीर्वाद पूरे देश और हर परिवार पर हमेशा बना रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके पति मनीष गुप्ता भी मौजूद रहे। पूजा पूरी होने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाई। यह पल बेहद खास रहा। श्रद्धालुओं ने भी दोनों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

Scroll to load tweet…

धार्मिक यात्रा पर हूं, राजनीति की बात नहीं करूंगी- सीएम

मीडिया से बातचीत में सीएम रेखा गुप्ता ने साफ कहा कि वह धार्मिक यात्रा पर आई हैं और इस दौरान सिर्फ मंदिर और आस्था से जुड़ी बातें ही करेंगी। उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी प्रार्थना यही है कि देश में सुख-शांति बनी रहे और सभी लोग स्वस्थ और खुशहाल रहें।

सीएम रेखा गुप्ता के आगमन से उत्साह का माहौल

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुबह से ही उत्साह का माहौल था। दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कई महिला कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचीं, लेकिन भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के कारण अधिकांश लोग उनसे सीधे मुलाकात नहीं कर सके। कई लोगों ने दूर से ही उनका अभिवादन किया।

कई जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद

रेखा गुप्ता के स्वागत के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, सदर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, मंत्री रविंद्र जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।