दिल्ली के मालवीय नगर स्थित वाल्मीकि कैंप के 216 परिवारों को अब पीने के पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। मेयर प्रवेश वाही ने सोमवार को 'हर घर नल योजना' की शुरुआत की, जिससे इन घरों में सीधा नल से पानी पहुंचेगा।

नई दिल्ली। दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने सोमवार को मालवीय नगर के बेगमपुर स्थित वाल्मीकि कैंप में 'हर घर नल योजना' का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय भी मौजूद थे।

इस योजना से वाल्मीकि कैंप के 216 घरों को पानी का कनेक्शन मिलेगा। इसका सीधा फायदा यहां रहने वाले लोगों को होगा और उन्हें पीने के पानी के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। इस पहल का मुख्य मकसद इलाके के हर परिवार तक नल के जरिए साफ पानी पहुंचाना है।

Scroll to load tweet…

दिल्ली नगर निगम (MCD) की प्रेस रिलीज के मुताबिक, मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि हर घर तक साफ और आसानी से पीने का पानी पहुंचाना लोगों की जिंदगी बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी के विजन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में लगातार ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं ताकि दिल्ली के हर नागरिक को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। सरकार का लक्ष्य है कि साफ पानी जैसी जरूरी चीजें लोगों को आसानी से मिलें, जिससे उनका जीवन स्तर सुधरे।

मेयर ने आगे कहा कि 'हर घर नल योजना' जैसी पहल आम लोगों की बुनियादी जरूरतें पूरी करने में अहम रोल निभाती हैं। वाल्मीकि कैंप के परिवारों को नल का कनेक्शन मिलने से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी काफी आसान हो जाएगी और उनके घर तक पानी पहुंचाने के काम में तेजी आएगी।

इस कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद लीना कुमारी, एमसीडी के एडिशनल कमिश्नर पंकज नरेश अग्रवाल और कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।