दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में गायक दलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। दोपहर 1 बजे से आधी रात तक कई रास्तों पर गाड़ियो की आवाजाही पर रोक और डायवर्जन रहेगा।
नई दिल्ली। पंजाबी सिंगर दलजीत दोसांझ के दिल्ली में होने जा रहे कॉन्सर्ट को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। लोधी रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसी को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है, ताकि सड़कों पर जाम न लगे और गाड़ियां आसानी से निकल सकें। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपना सफर उसी हिसाब से प्लान करें, प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। ट्रैफिक व्यवस्था दोपहर 1 बजे से आधी रात तक लागू रहेगी। इस दौरान स्टेडियम के आसपास के प्रमुख रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही पर पाबंदी रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च विशप मार्ग, 4थ एवेन्यू रोड, 5थ एवेन्यू रोड, सीजीओ कॉम्प्लेक्स क्षेत्र और जेएलएन स्टेडियम परिसर की अंदरूनी सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा बारापुला फ्लाईओवर, आईएनए से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन वाले रास्ते, दयाल सिंह कॉलेज रोड और लोधी कॉलोनी की अंदरूनी सड़कों के ट्रैफिक में भी बदलाव किया गया है।
ट्रैफिक पुलिस ने इन प्रमुख जगहों पर डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं
1. लोधी रोड से दयाल सिंह कॉलेज रोड की ओर जाने वाली गाड़ियो को सीधा नहीं जाने दिया जाएगा। इन गाड़ियों को लोधी फ्लाईओवर की तरफ मोड़ दिया जाएगा। हालांकि, लोधी फ्लाईओवर रेड लाइट और अरबिंदो मार्ग के बीच सीधी आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
2. लाला लाजपत राय मार्ग से जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की ओर जाने वाले वाहनों को स्टेडियम की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी; उन्हें लोधी फ्लाईओवर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
3. लाला लाजपत राय मार्ग पर 'एसआईपी' रोड से सूचना भवन की ओर जाने वाली गाड़ियों को भी लोधी फ्लाईओवर की ओर मोड़ा जाएगा।
4. भीष्म पितामह मार्ग से जेएलएन स्टेडियम ट्रैफिक सिग्नल की ओर आने वाली गाड़ियों को स्टेडियम के गेट नंबर 1 और कोटला मुबारकपुर की तरफ जाने से रोका जाएगा। इन वाहनों को मेहरचंद मार्केट और लोधी कॉलोनी की ओर भेजा जाएगा।
5. कुशक नाला बस डिपो ट्रैफिक सिग्नल से आने वाले वाहनों को स्टेडियम के गेट नंबर 3, 4, 5, 6 और 7 की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन गाड़ियों को 4थ एवेन्यू रोड से होते हुए लोधी रोड या आईएनए के रास्ते अरबिंदो मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
6. लोधी कॉलोनी रोड से 5थ एवेन्यू रोड की ओर जाने वाली गाड़ियो को भीष्म पितामह बाग मार्ग की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें लोधी रोड और 4थ एवेन्यू रोड के रास्ते जोर बाग रोड की तरफ मोड़ा जाएगा।
अगर जरूरत पड़ी तो पुलिस दो और डायवर्जन पॉइंट सक्रिय करेगी। भीष्म पितामह मार्ग ट्रैफिक सिग्नल (कोटला मुबारकपुर के पास) से जेएलएन स्टेडियम की ओर जाने वाले वाहनों को वर्मा मार्ग से लाला लाजपत राय मार्ग की ओर भेजा जाएगा, जहां से वे यू-टर्न लेकर रिंग रोड की तरफ जा सकेंगे। वहीं, भीष्म पितामह मार्ग और लोधी रोड के टी-पॉइंट से स्टेडियम की तरफ आने वाले वाहनों को आर्च विशप मार्ग, लोधी फ्लाईओवर और मदरसा-अरबिंदो मार्ग की ओर मोड़ दिया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों से निजी गाड़ियों के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है। एडवाइजरी के मुताबिक, वायलेट और येलो दोनों लाइनों पर मेट्रो सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी।
- वायलेट लाइन से यात्रा करने वाले लोग जेएलएन स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं। वहां से स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पैदल पहुंचा जा सकता है।
- येलो लाइन से सफर करने वाले लोग आईएनए मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं। वहां से गेट नंबर 3, 6 और 8 तक पहुंचने के लिए कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट तक कैब या ऑटो-रिक्शा लिया जा सकता है।
कैब, ऑटो और अन्य गाड़ियों से आने-जाने वालों के लिए तीन पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट बनाए गए हैं: आर्च विशप मार्ग, लाल मस्जिद-प्रगति विहार और कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट।
- आर्च विशप मार्ग से स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पहुंचा जा सकता है।
- लाल मस्जिद-प्रगति विहार से गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पहुंचा जा सकता है।
- कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट से गेट नंबर 3, 6 और 8 तक पहुंचा जा सकता है।
अलग-अलग दिशाओं से आने वाले लोगों के लिए भी पुलिस ने रूट तय किए हैं। उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण दिल्ली से आने वाले लोग अरबिंदो मार्ग के रास्ते लोधी रोड पहुंचकर आर्च विशप मार्ग पर ड्रॉप हो सकते हैं।
दक्षिण, पूर्व और दक्षिण-पूर्व दिल्ली से आने वाले लोग लाला लाजपत राय मार्ग के रास्ते लाल मस्जिद-प्रगति विहार पॉइंट तक पहुंच सकते हैं। नई दिल्ली, मध्य, उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली से आने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे लोधी रोड पहुंचने से पहले आर्च विशप मार्ग पर उतरें।
ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि एम्बुलेंस और अन्य इमरजेंसी गाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी और उनके लिए रास्ता खाली रखा जाएगा। पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, सड़क पर गाड़ियां पार्क न करने और ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों के निर्देशों को मानने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।
हाल ही में दलजीत दोसांझ का यह दिल्ली कॉन्सर्ट तब सुर्खियों में आया था जब सुरक्षा खतरों, कम समय और त्योहारों के सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने की खबरें आई थीं। हालांकि, अगले ही दिन दिल्ली पुलिस ने जेएलएन स्टेडियम में कॉन्सर्ट की इजाजत दे दी। यह फैसला दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और आयोजकों के बीच हुई कई बैठकों के बाद लिया गया, जिसमें आयोजकों ने सुरक्षा संबंधी विस्तृत प्लान पेश किया था।
दिल्ली शो के बाद यह टूर इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ जाएगा। चंडीगढ़ भी इस टूर का हिस्सा होगा, जिसकी तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा।






