ग्रेटर नोएडा में एक महिला की हत्या दहेज के लिए कर दी गई। पति और उसके परिवार के लोगों ने महिला को पीटा फिर जिंदा जला दिया। यह सब महिला के बेटे के सामने हुआ। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा में एक महिला को उसके पति और ससुराल वालों ने जिंदा जलाकर मार डाला। इस घटना का वीभत्स वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है। महिला को उसके पति और ससुराल के लोगों ने पहले बेरहमी से पीटा फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया। वीडियो में महिला को पीटने और फिर आग से जलते हुए सीढ़ियों से नीचे उतरने का एक भयावह दृश्य सामने आया है। महिला की बड़ी बहन की शादी भी उसी परिवार में हुई है। उसने बताया है कि दोनों को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उनके ससुराल वालों ने 36 लाख रुपए मांगे थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पति ने बेटे के सामने महिला को जिंदा जलाया

मृतक महिला की पहचान निक्की के रूप में हुई है। उसकी शादी 2016 में ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव के एक परिवार में हुई थी। उसकी बहन कंचन ने बताया कि दहेज के लिए उसे छह महीने बाद ही प्रताड़ित किया जाने लगा। गुरुवार रात उसके ससुराल वालों ने निक्की की पिटाई की और फिर उसके बेटे के सामने उसे आग लगा दी।

Scroll to load tweet…

वीडियो में निक्की के पति विपिन और एक अन्य महिला को उसके बाल पकड़कर खींचते हुए दिखाया गया है। विपिन ने शर्ट नहीं पहनी थी। उसके पेट और पीठ पर खून दिखाई दे रहा है। अन्य वीडियो में निक्की को आग से जलते हुए सीढ़ियों से लड़खड़ाते हुए नीचे उतरते और फिर जमीन पर बैठते हुए देखा जा सकता है। उसके गहरे जले हुए घाव साफ दिखाई दे रहे हैं।

मृतक महिला की बहन ने कहा- मुझे भी मारा, होश नहीं था

कंचन ने कहा, "हमें प्रताड़ित किया जा रहा था। हमारे ससुराल वाले 36 लाख रुपए लाने के लिए कह रहे थे। गुरुवार को रात डेढ़ बजे से सुबह चार बजे के बीच मुझे भी पीटा गया। उन्होंने मुझसे कहा, एक (बहन) के लिए तो दहेज मिल गया, दूसरी का क्या? बेहतर है कि तुम मर जाओ। हम दोबारा शादी कर लेंगे। मुझे कई बार मारा गया और मैं पूरे दिन होश में नहीं थी।"

Scroll to load tweet…

उसने कहा, "उन्होंने मेरे और बच्चों के सामने मेरी बहन को बेरहमी से मारा। उस पर कोई तरल पदार्थ फेंका और मेरी आंखों के सामने उसे आग लगा दी। मैंने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन मैं बचा नहीं सकी। कोई उसे अस्पताल ले गया। मुझे नहीं पता कौन। मैं बेहोश हो गई थी। मैं चाहती हूं कि मेरे ससुराल वालों को भी वैसी ही सजा मिले जैसी उन्होंने मेरी बहन को दी है।"

निक्की के बेटे ने कहा, "उन्होंने मां पर कुछ डाला। उन्हें थप्पड़ मारे फिर लाइटर से आग लगा दी।"

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) सुधीर कुमार ने बताया कि उन्हें गुरुवार रात एक अस्पताल से सूचना मिली कि एक महिला को जलने के कारण भर्ती कराया गया है। उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है। महिला की मौत सफदरजंग अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया। उसकी बहन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पति विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है।