दिल्ली नगर निगम (MCD) ने अवैध निर्माण और खतरनाक इमारतों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को दिल्ली के सभी 12 जोनों में 38 जगहों पर बुलडोजर चला और 6 संपत्तियों को सील किया गया।

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने अवैध निर्माण, खतरनाक इमारतों और मास्टर प्लान ऑफ दिल्ली (MPD) के नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ अपना अभियान जारी रखा है। लोगों की सुरक्षा और बिल्डिंग नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निगम के सभी 12 जोनों में यह सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इस बड़े अभियान के तहत, सभी 12 जोनों में 38 जगहों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। इसके अलावा, नियमों की अनदेखी करने पर 6 संपत्तियों को सील कर दिया गया और 5 इमारतों को गिराने के आदेश जारी किए गए। MCD अपने पूरे इलाके में कड़ी नजर रख रही है और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिल रहा है, वहां तुरंत एक्शन ले रही है।

इससे पहले कल भी MCD ने ऐसा ही बड़ा अभियान चलाया था। तब MPD और बिल्डिंग बाय-लॉज तोड़ने पर 30 संपत्तियों पर बुलडोजर चला था और 7 संपत्तियों को सील किया गया था। आज की कार्रवाई की बात करें तो दिल्ली के मानकपुरा, इंदरपुरी, कीर्ति नगर, मॉडल बस्ती, करकोला, रोशनपुरा, शकरपुर, जगतपुरी और जीडी कॉलोनी समेत कई इलाकों में बुलडोजर गरजा। निगम की फील्ड टीमों ने तय नियमों और प्रक्रियाओं के तहत ही यह पूरी कार्रवाई की है।

MCD ने साफ कर दिया है कि उनके इलाके में किसी भी तरह का अवैध निर्माण या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम ने अपने फील्ड अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे कड़ी निगरानी रखें। जहां भी MPD या बिल्डिंग बाय-लॉज का उल्लंघन दिखे, वहां तुरंत जरूरी कार्रवाई करें।

लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले अवैध निर्माण और खतरनाक इमारतों के खिलाफ यह अभियान सभी 12 जोनों में आगे भी जारी रहेगा।