Delhi Police Change: सीनियर आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा दिल्ली पुलिस के नए प्रमुख बने हैं। सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले के बाद यह बदलाव किया गया है। सतीश गोलचा इस समय दिल्ली के जेल महानिदेशक हैं।

Satish Golcha Commissioner: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को हुए हमले के बाद गुरुवार को दिल्ली पुलिस के नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया गया। सीनियर आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। सतीश गोलचा AGMUT कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह वर्तमान में दिल्ली के महानिदेशक (कारागार) के पद पर कार्यरत हैं। 

एक आधिकारिक आदेश में कहा गया कि उन्हें दिल्ली का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया जाता है। नियुक्ति उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक लागू रहेगी। गोलचा, शशि भूषण कुमार सिंह की जगह लेंगे। वह दिल्ली पुलिस आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। उन्होंने 31 जुलाई को संजय अरोड़ा के रिटायर होने के बाद कार्यभार संभाला था। शशि भूषण महानिदेशक (होमगार्ड) के पद पर बने रहेंगे।

दिल्ली में अपराध बढ़ा था। पिछले 20 दिनों में गोलीबारी की कई घटनाएं हुईं। इसके चलते केंद्र सरकार शीर्ष स्तर पर बदलाव करने वाली थी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके घर पर हुए हमले के 24 घंटे बाद ही दिल्ली पुलिस प्रमुख को बदल दिया गया। दिल्ली पुलिस सीएम की सुरक्षा कर रही थी। उनपर हुए हमले ने सुरक्षा में चूक का सवाल खड़ा किया।

कौन हैं सतीश गोलचा?

सतीश गोलचा 1992 बैच के AGMUT (Arunachal Pradesh-Goa-Mizoram and Union Territory) कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वह इस समय दिल्ली के जेल महानिदेशक हैं। इससे पहले विशेष पुलिस आयुक्त (खुफिया), संयुक्त पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त जैसे अहम पदों पर रहे हैं। गोलचा उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) थे। अरुणाचल प्रदेश में पुलिस महानिदेशक के पद पर भी सेवा दी है। पुलिस बल में उन्हें एक सख्त और रणनीतिक अधिकारी माना जाता है।

यह भी पढ़ें- बड़ी खबरः जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पर हमला, मचा हड़कंप

सीएम रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हुआ था हमला

बता दें कि बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके सिविल लाइंस स्थित आवास पर हमला हुआ था। वह साप्ताहिक जनसुनवाई कर रहीं थीं। हमलावर की पहचान गुजरात के राजकोट के 41 साल के राजेश भाई खिमजी भाई सकारिया के रूप में हुई है। वह याचिकाकर्ता के रूप में आया और मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा, धक्का दिया और उनके बाल पकड़ लिए। सुरक्षाकर्मियों ने उसे मौके पर गिरफ्तार किया। इस घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार को रेखा गुप्ता की सुरक्षा बढ़ा दी गई। अब उन्हें 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- कौन है दिल्ली CM रेखा गुप्ता का हमलावर? इस बात से दुखी था हमलावर