शहर के शिवदुर्गा विहार बाजार में एक आटो सड़क पर कार से सट गयी। इतनी सी बात पर कार चालक ने आटो चालक की इतना पीटा की उसकी मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि उस दरम्यान आसपास मौजूद लोग पिटाई का वीडियो बना रहे थे।

फरीदाबाद। शहर के शिवदुर्गा विहार बाजार में एक आटो सड़क पर कार से सट गयी। इतनी सी बात पर कार चालक ने आटो चालक की इतना पीटा की उसकी मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि उस दरम्यान आसपास मौजूद लोग पिटाई का वीडियो बना रहे थे। पर आटो चालक की मदद के लिए कोई सामने नहीं आया। वारदात के बाद कार चालक फरार हो गया। उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

क्या है मामला?

दरअसल, शाम करीबन सात बजे ऑटो लेकर घर जा रहे बृजराज की गाड़ी एक कार से सट गयी। तमतमाए कार चालक ने ऑटो ड्राइवर से बहस शुरु कर दी और गुस्से में बृजराज को लात-घूंसों से पीटना शुरु कर दिया। कार चालक बृजराज को 10-15 मिनट तक लगातार पीटता रहा। ऐसा नहीं कि आसपास के लोग ऑटो चालक को पहचानते नहीं थे। पर वह उसकी मदद को आगे नहीं आये। मौके पर मौजूद भीड़ घटना की वीडियो बना रही थी। स्थानीय लोगों ने यह जानकारी बृजराज की पत्नी सुनीता को दी। उनकी पत्नी अपने पड़ोसी के साथ घटनास्थल पर पहुंची तो देखा कि उनके पति ऑटो में बेहोश पड़े हुए थे। इलाज के लिए उन्हें अस्तपाल ले जाया गया। पर उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने कार चालक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी की कार में दो महिलाएं भी सवार थीं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

यूपी के कन्नौज जिले के रहने वाले हैं बृजराज

बृजराज यूपी के कन्नौज जिले के थाना ठठिया गांव बेहटा निवासी हैं। 50 वर्षीय बृजराज करीबन 20 साल पहले फरीदाबाद काम की तलाश में आए थे और यहीं पर किराये के मकान में रहते हैं। वह अपनी आटो दिल्ली में चलाते थे।

बृजराज पर ही थी परिवार की जिम्मेदारी

मृतक की पत्नी का कहना है कि घर में सिर्फ पति ही कमाते थे। जिससे परिवार का भरण पोषण होता था। उनका 11 साल का एक बेटा है, जो छठवीं कक्षा का छात्र है। घटना के दस मिनट पहले ही सुनीता की अपने पति से बात हुई थी और उन्होंने आज घर जल्दी आने को कहा था।