रील की कीमत: शोहरत या शोक? इंस्टा फेम की चाहत ने छीनी राधिका यादव की जान! जानिए वो 7 खौफनाक केस जहां रील्स की दीवानगी ने बर्बाद कर दिए सपने, रिश्ते और जिंदगी… क्या अगला नंबर किसी और का है?

Reel murder case: हाल ही में गुरुग्राम की टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। लेकिन ये पहली घटना नहीं है – देश में पहले भी रील्स के चक्कर में हत्या, आत्महत्या और गंभीर हादसे हो चुके हैं। आइए जानते हैं वो 7 सनसनीखेज घटनाएं, जिन्होंने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया कि क्या रील्स बनाना वाकई इतना जरूरी है?

1. 9 जुलाई 2025, गुरुग्राम (हरियाणा): पिता ने बेटी को रील के कारण मारी गोली

जूनियर इंटरनेशनल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर को-एक्टर के साथ एक रील पोस्ट की थी। रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने वीडियो को लेकर पिता दीपक यादव पर दबाव बनाया। 9 जुलाई की सुबह 10:30 बजे, दीपक ने अपनी ही बेटी को घर की रसोई में 4 गोलियां मार दीं। रील वायरल होते ही यह हत्या राष्ट्रीय बहस का मुद्दा बन गई।

2. 27 दिसंबर 2024, महोबा (यूपी): रील से रोका तो नवविवाहिता ने दी जान

महोबा में शादी के कुछ ही दिन बाद एक नवविवाहिता ने जब इंस्टाग्राम रील बनानी चाही, तो पति ने उसे मना कर दिया। यह बात उसे इतनी आहत कर गई कि उसने उसी रात रेलवे ट्रैक पर कूदकर आत्महत्या कर ली। ये घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई।

3. 28 फरवरी 2025, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश): रील्स बनीं रिश्तों में दरार की वजह 

गोरखपुर में एक ट्रक ड्राइवर पति ने पत्नी की सोशल मीडिया एक्टिविटी से परेशान होकर अलग होने का फैसला कर लिया। रिश्तेदारों ने उसे ताना मारा, दोस्त उसका मजाक उड़ाने लगे। पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई और कहा – “अब और नहीं सह सकता।”

4. 11 जून 2025, मुरादाबाद (UP): रील में बेइज्जती का बदला जान लेकर लिया 

मझोला थाना क्षेत्र में युवक अमन ने मारपीट के बाद चेतन का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाल दिया। चेतन ने बदले की आग में अमन की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला ‘रील रिवेंज मर्डर’ के नाम से चर्चित हुआ।

5. 16 मई 2025, सुपौल (बिहार): महिला की रील्स से नाराज पति ने कर दी हत्या 

कुनौली थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव में 25 वर्षीय निर्मला देवी सोशल मीडिया पर रील बनाती थीं। पति और ससुराल वाले इससे नाराज रहते थे। एक दिन महिला गायब हुई और 4 फीट गहरे गड्ढे में उसका शव मिला। जांच में सामने आया कि उसकी हत्या रील्स को लेकर हुई थी।

6. 16 अप्रैल 2025, भिवानी (हरियाणा): यूट्यूबर पत्नी ने प्रेमी संग की पति की हत्या 

हरियाणवी रील क्रिएटर महिला रवीना ने अपने पति सुनील की हत्या कर दी क्योंकि वह उसके रील्स पर आपत्ति जताता था। हत्या की रात भी दोनों में झगड़ा हुआ। महिला ने प्रेमी सुरेश को बुलाया और मिलकर गला घोंटकर पति को मार डाला। शव को पास के नाले में फेंका गया।

7. मार्च 2025, गाजीपुर (उत्तर प्रदेश): रील बनाते वक्त मौत

एक युवक ई-रिक्शा पर चढ़कर स्टंट करते हुए रील बना रहा था। संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिरा, मौत हो गई। यह घटना CCTV में कैद हुई और खुद एक रील में तब्दील हो गई। इसी तरह गोंदिया में कोबरा से रील बनाते युवक को सांप ने काटा, मौत हो गई। नोएडा में बाइक स्टंट करते छात्र की जान चली गई। भरतपुर में नदी में नहाते 7 युवक डूब गए।

जानिए कितनी होती है रील बनाने से कमाई?

भारत में 45 लाख क्रिएटर हैं, लेकिन सिर्फ 6 लाख ही कमा पाते हैं। ज्यादातर को सिर्फ लाइक्स, व्यूज़ और ताली मिलती है – पैसा नहीं। एक मेगा क्रिएटर एक रील के 3-5 लाख रुपये चार्ज करता है, लेकिन छोटे क्रिएटर को सिर्फ 500 से 5000 रुपये मिलते हैं। कंटेंट की सप्लाई है, लेकिन डिमांड उतनी नहीं। लाखों में व्यूज़ चाहिए तब जाकर मोटी कमाई होती है।