PM Modi in Gujarat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावनगर में ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में 33,600 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने INS विक्रांत, पोर्ट विकास, शिप बिल्डिंग और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़े सुधारों पर जोर दिया।

गांधीनगर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को भावनगर में आयोजित ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में 33,600 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने शुक्रवार को हुए एमओयू के लिए पोर्ट और मरीन क्षेत्र के उद्यमियों का आभार भी व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने कहा कि ‘चिप से शिप’ तक का निर्माण भारत की आत्मनिर्भरता का मार्ग खोलेगा। भावनगर आज समुद्री समृद्धि का केंद्र बन रहा है।

आत्मनिर्भरता ही 2047 के विकसित भारत की कुंजी- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आत्मनिर्भरता ही भारत की सभी समस्याओं का समाधान है। उन्होंने कहा कि भारत का कोई दुश्मन नहीं है, लेकिन दूसरे देशों पर निर्भरता सबसे बड़ा दुश्मन है। जितनी विदेशी निर्भरता, उतनी ही देश की विफलता।

उन्होंने कहा कि विश्व शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए भारत को आत्मनिर्भर बनना ही होगा। भारत के 140 करोड़ लोगों का भविष्य दूसरों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता।

पीएम मोदी का ‘गर्व से कहो यह स्वदेशी है’ का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से आह्वान किया कि वे एक भारत-श्रेष्ठ भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने गुजरात के व्यापारियों से कहा कि वे अपनी दुकानों पर ‘गर्व से कहो, यह स्वदेशी है’ के स्टिकर लगाकर आत्मनिर्भर भारत की भावना को और मजबूत करें।

पोर्ट और क्रूज पर्यटन का विकास

पीएम मोदी ने बताया कि मुंबई इंटरनेशनल क्रूज स्टेशन का लोकार्पण हो चुका है और गुजरात में भी पोर्ट विकास की कई योजनाएं चल रही हैं। अलंग और अन्य स्थानों पर शिप बिल्डिंग और रिसाइक्लिंग उद्योग तेजी से विकसित हो रहे हैं।

स्वदेशी जहाज निर्माण और INS विक्रांत

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत विदेशी जहाजों पर निर्भर नहीं रहना चाहता। पहले भारत हर साल विदेशी शिपिंग कंपनियों को 75 बिलियन डॉलर (6 लाख करोड़ रुपए) किराए के रूप में देता था। लेकिन अब भारत ने INS विक्रांत सहित 40 स्वदेशी जहाज बनाए हैं। इन जहाजों में उच्च गुणवत्ता वाला भारतीय स्टील और अन्य सामग्री का इस्तेमाल हुआ है।

मैरीटाइम रिफॉर्म और नए कानून

सरकार ने समुद्री व्यापार को नई दिशा देने के लिए 5 कानूनों में बड़े बदलाव किए हैं। अब बड़े जहाजों को इन्फ्रास्ट्रक्चर का दर्जा मिला है, जिससे शिप बिल्डर्स को बैंक लोन और ब्याज में राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें

भावनगर रोड शो में बच्चे के शानदार एक्शन पर PM मोदी ने दिया गजब का रिएक्शन-देखें तस्वी

सेवा पखवाड़ा और सामाजिक योगदान

पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन पर देश-विदेश से मिले आशीर्वाद के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़े के तहत गुजरात में सिर्फ दो-तीन दिनों में ही 1 लाख यूनिट रक्तदान और 30,000 स्वास्थ्य शिविर आयोजित हुए।

शिप बिल्डिंग- रोजगार और उद्योग की जननी

प्रधानमंत्री ने शिप बिल्डिंग को रोजगार और अन्य उद्योगों की जननी बताया। उन्होंने कहा कि 100 शिपिंग रोजगार बनने पर 600 अन्य रोजगार भी जुड़ते हैं। यही समुद्री क्षेत्र का मल्टीप्लायर इफेक्ट है।

सागरमाला और वैश्विक व्यापार

प्रधानमंत्री ने कहा कि सागरमाला जैसी योजनाओं के कारण भारत का समुद्री व्यापार बढ़ रहा है। लक्ष्य है कि मौजूदा व्यापार को तीन गुना किया जाए। भारत अब समुद्री क्षेत्र में दुनिया के शीर्ष तीन देशों में शामिल हो चुका है।

पोर्ट कैपेसिटी और नाविकों की संख्या में बढ़ोतरी

पिछले 11 वर्षों में भारत की पोर्ट कैपेसिटी दोगुनी हुई है। शिप टर्नअराउंड टाइम अब एक दिन से भी कम है। केरल में डीप वाटर ट्रांसशिपमेंट पोर्ट और महाराष्ट्र में 75,000 करोड़ रुपए की लागत से नया पोर्ट बन रहा है।

भारत में नाविकों की संख्या एक दशक में 1.25 लाख से बढ़कर 3 लाख हो गई है।

समुद्री विरासत और लोथल म्यूजियम

भारत की समुद्री विरासत को संरक्षित करने के लिए लोथल में दुनिया का सबसे बड़ा मैरीटाइम म्यूजियम बन रहा है। यह आने वाली पीढ़ियों को भारत की समुद्री शक्ति का परिचय कराएगा।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का संबोधन

गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री को 33,600 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि 2001 से मोदी जी के नेतृत्व में गुजरात ने विकास की नई राह पकड़ी और आज देश का रोल मॉडल बन चुका है।

उन्होंने कहा कि गुजरात में बंदरगाहों के आसपास नए उद्योग, आयात-निर्यात की सुविधाएं और निजी निवेश बढ़ा है। आज गुजरात देश का 39% कार्गो हैंडल करता है।

नवीकरणीय ऊर्जा और संतुलित विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी ने गैर-परंपरागत ऊर्जा को प्राथमिकता दी। चारणका सोलर पार्क से शुरू हुई पहल आज कच्छ के देश के सबसे बड़े हाइब्रिड रिन्यूएबल एनर्जी पार्क तक पहुंच चुकी है। गुजरात आज 60% से अधिक रिन्यूएबल एनर्जी का उत्पादन करता है।

CM भूपेंद्र पटेल का लोकल उत्पादों को अपनाने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि और दिवाली जैसे त्योहारों पर लोग स्वदेशी उत्पाद अपनाएं और प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ मंत्र को आगे बढ़ाएं।

केंद्रीय मंत्रियों का वक्तव्य

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज एक बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। रिफॉर्म और ट्रांसफॉर्म से शिपिंग क्षेत्र में जबरदस्त बदलाव आया है और निवेश के नए अवसर बढ़े हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री मनसुख मांडविया, श्री शांतनु ठाकुर, श्रीमती निमुबेन बांभणिया, गुजरात के वित्त मंत्री कनुभाई देसाई, स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेशभाई पटेल, कृषि मंत्री राघवजीभाई पटेल और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें

आजादी के 6-7 दशक बाद भी भारत को सफलता क्यों नहीं मिली? PM मोदी ने बताई कांग्रेस की 2 खामियां