Seva Sankalp Abhiyan: ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से वडनगर पहुंची सेवा यात्रा का समापन हुआ। 500 बाइकर्स ने 10 राज्यों में सामाजिक कार्य किए। जानिए यात्रा और समारोह की खास बातें।
वाराणसी से निकली बाइक रैली बुधवार को वडनगर पहुंची तो यह सिर्फ एक यात्रा का समापन नहीं था। इसके पीछे सेवा, सामाजिक भागीदारी और युवाओं को जोड़ने का संदेश भी था। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत निकली वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा का समापन समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया।
500 बाइकर्स, 10 राज्यों और सैकड़ों गांवों का सफर
इस यात्रा में करीब 500 बाइकर्स और सेवा यात्री शामिल हुए। टीम ने 10 राज्यों के सैकड़ों गांवों और शहरों से गुजरते हुए स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशामुक्ति और जनसंवाद जैसे सामाजिक कार्यक्रम किए। यात्रा के दौरान वडनगर के शर्मिष्ठा तालाब का जल काशी विश्वनाथ पहुंचाया गया। वहीं वाराणसी से लाए गए जल से वडनगर के ऐतिहासिक हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक किया गया। आयोजकों के मुताबिक, इसका उद्देश्य दोनों आध्यात्मिक नगरों के सांस्कृतिक संबंध को रेखांकित करना था।
यह भी पढ़ें: इस दिन छा जाएगा अंधेरा! 6 मिनट तक गायब रहेगा सूरज, भारत में भी दिखेगा नजारा
वडनगर में नेताओं ने युवाओं का बढ़ाया उत्साह
समापन समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी और प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा मौजूद रहे। भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात की युवा शक्ति ‘वी विल डू इट’ के संकल्प के साथ विकसित गुजरात से विकसित भारत के निर्माण में आगे रहेगी। शिवराज सिंह चौहान ने यात्रा में शामिल युवाओं की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रसेवा से जोड़कर देखा।
‘सेवा से राष्ट्रनिर्माण’ का संदेश
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि वाराणसी से वडनगर यात्रा ने देश की अखंडता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा दी। वहीं जगदीश विश्वकर्मा ने इसे ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ और ‘संकल्प से सिद्धि’ तक की यात्रा बताया। समापन समारोह में नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा दायित्व का उल्लेख किया। इस दौरान बड़ी संख्या में बाइकर्स, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: UPI Closed? क्यों अचानक बंद हुआ 'मुफ्त' UPI का सफर, RBI गवर्नर ने खुद बताई इसके पीछे की मजबूरी!
