हेमंत सोरेन 26 नवंबर को झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मंत्री बन सकती हैं। JMM गठबंधन की जीत के बाद भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी है।

रांची। JMM (Jharkhand Mukti Morcha) के प्रमुख हेमंत सोरेन 26 नवंबर को झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वह अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को मंत्री बना सकते हैं। कल्पना विधानसभा चुनाव जीती हैं। हेमंत झारखंड के वर्तमान मुख्यमंत्री हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के लिए भव्य आयोजन की तैयारी है। इसमें विपक्ष के प्रमुख नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, राजद नेता तेजस्वी यादव और अन्य नेता आ सकते हैं।

चुनाव में JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन को मिली है जीत

बता दें कि झारखंड में विधानसभा की 81 सीटें हैं। यहां हुए चुनाव में JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन को जीत मिली है। इस गठबंधन में JMM, कांग्रेस, राजद और CPI-ML शामिल हैं। तीनों ने मिलकर 56 सीट जीते हैं। बहुमत के लिए 41 सीटों की जरूरत है। JMM ने 34, कांग्रेस ने 16, राजद ने 4 और CPI-ML ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है। झारखंड में भाजपा को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। पार्टी मात्र 21 सीटें जीत सकी। यह 2000 के बाद राज्य में भाजपा का सबसे खराब प्रदर्शन है।

जेल से लौटकर मजबूत हुए हेमंत सोरेन

जमीन घोटाले से जुड़े आरोपों को लेकर हेमंत सोरेन 2024 की शुरुआत में जेल गए थे। JMM ने इसे आदिवासियों के सम्मान से जोड़ा। हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद चंपई सोरेन मुख्यमंत्री बने थे। जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद हेमंत फिर से मुख्यमंत्री बनें। दूसरी ओर सीएम पद से हटाए जाने से नाराज चंपई भाजपा में शामिल हो गए। विधानसभा चुनाव जीतकर हेमंत सोरेन शक्तिशाली नेता बनकर उभरे हैं। जेल जाने से उन्हें लोगों की सहानुभूति मिली है। चुनाव परिणाम में यह बात साफ नजर आई है।

यह भी पढ़ें- झारखंड में फिर से JMM का परचम, हेमंत सोरेन की वापसी, ये रहे जीत के बड़े कारण