रांची एटीएस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के धनबाद स्थित घर पर कुर्की-जब्ती की। क्लिनी लैब गोलीबारी मामले में हुई ये कार्रवाई प्रिंस के घर से खाली हाथ रही। प्रिंस पहले ही फर्जी पासपोर्ट से विदेश भाग चुका है।

धनबाद न्यूज: रांची एटीएस की टीम बैंक मोड़ थाना पुलिस के साथ शुक्रवार को गैंगस्टर प्रिंस खान के वासेपुर के मखदमी रोड स्थित आवास पर कुर्की-जब्ती करने पहुंची। एटीएस ने यह कार्रवाई हाल ही में धनबाद के क्लिनी लैब में हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में की है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पहले भी दो-तीन बार हुई है कुर्की-जब्ती 

एटीएस अधिकारी रोशन बाड़ा ने बताया कि हाल ही में धनबाद के गया ब्रिज स्थित क्लिनी लैब में हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में बैंक मोड़ थाना में गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। कुर्की-जब्ती के समय प्रिंस के घर से कोई सामान बरामद नहीं हुआ। मालूम हो कि उक्त घर में पहले भी दो-तीन बार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई हो चुकी है।

कौन है गैंगस्टर प्रिंस खान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिंस कुछ महीने पहले हैदर अली के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश भाग गया था। विदेश भागने के बाद उसने वहीं से अपना काम जारी रखा और अपने गुर्गों की मदद से धनबाद में हत्या, रंगदारी, गोलीबारी की दो दर्जन से ज्यादा वारदातों को अंजाम दे चुका है। हाल ही में भी उसके गिरोह ने कई होटलों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर गोलीबारी की थी।

आपराधिक मामलों में कैसे बढ़ा आगे 

धनबाद पुलिस लंबे समय से प्रिंस की तलाश कर रही है। अब तक उसके गिरोह के 40 से ज्यादा गुर्गे गिरफ्तार हो चुके हैं। ऐसे में अगर अब प्रिंस पकड़ा जाता है तो पुलिस उसे झारखंड प्रत्यर्पित कर उसके आतंक को खत्म करने की कोशिश करेगी। धनबाद पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने प्रिंस खान की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण के लिए इंटरपोल से मदद मांगी थी।