CM मोहन यादव ने किसानों को सोयाबीन फसल क्षति पर मुआवजा, धान पर बोनस और भावांतर योजना का लाभ देने की घोषणा की। सागर में 215 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ, जयशिवनगर नामकरण और श्रद्धांजलि योजना को प्रदेश मॉडल बनाने की बात कही।
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में जहां भी सोयाबीन की फसल अधिक बारिश या रोग के कारण खराब हुई है, वहां सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के बाद किसानों को फसल क्षति का उचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹5328 तय किया है और प्रदेश के किसानों को भी यही दर दी जाएगी। किसी भी किसान को घाटा नहीं होने दिया जाएगा।
धान पर बोनस और भावांतर योजना से राहत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में धान पर बोनस बढ़ाया गया है। किसानों को भावांतर भुगतान योजना से उनके खाते में बोनस की राशि दी जाएगी। यदि फसल एमएसपी से कम दर पर बिकती है तो सरकार किसानों को अंतर की राशि देगी।
किसानों और बहनों के लिए आर्थिक सहयोग
डॉ. यादव ने कहा कि किसानों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किसान सम्मान निधि दी जा रही है। साथ ही, "लाड़ली बहना योजना" के अंतर्गत बहनों को दीपावली की भाईदूज से हर माह ₹1500 की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को लागू करने के लिए प्रदेश सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है।
सागर में 215 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण
CM मोहन यादव ने सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र की नगर पंचायत जैसीनगर में पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने लगभग ₹215 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
कृषि और पशुपालन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश में कृषि के साथ पशुपालन को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। आज मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन में तीसरे स्थान पर है और लक्ष्य है कि प्रदेश पहले स्थान पर पहुँचे। इसके लिए किसानों को गाय पालन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। गौशाला खोलने पर किसानों को लगभग ₹40 लाख तक की राशि उपलब्ध कराई जा रही है, जिसमें ₹10 लाख तक का अनुदान शामिल है।
गौवंश संरक्षण के लिए सख्त कदम
CM मोहन यादव ने कहा कि जिनके घर गाय है, वही गोपाल है और मध्यप्रदेश का हर बच्चा कृष्ण है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने गौवंश हत्या पर सख्त कानून बनाया है और उल्लंघन करने वालों को कड़ी सजा का प्रावधान है। गौसंरक्षण के लिए प्रति गाय प्रतिदिन ₹40 तक का खर्च बढ़ाया गया है।
बुंदेलखंड की धरती को नमन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड वीरों और महावीरों की धरती है, जिसने हमेशा देशभक्ति और स्वाभिमान की मिसाल पेश की है। उन्होंने जैसीनगर से मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता संकल्प कार्यक्रम और सिंगल विंडो पोर्टल की शुरुआत की, जिसके माध्यम से हर घर तक गैस कनेक्शन पहुँचेगा।
यह भी पढ़ें
MP News: सीएम मोहन यादव ने तिरंगा लेकर निकाली रैली, महा-अभियान की शुरूआत
जैसीनगर का नाम होगा जयशिवनगर
मुख्यमंत्री ने जैसीनगर को नगर परिषद बनाने और उसका नाम बदलकर जयशिवनगर रखने की घोषणा की। साथ ही सागर जिले में बेवस नदी परियोजना की स्वीकृति दी। उन्होंने जैसीनगर महाविद्यालय के अधूरे निर्माण को पूरा कर उसका नाम पं. दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखने, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनाने और सुरखी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 25 किमी लंबे मसुरयाही-तोडा मार्ग के निर्माण की भी घोषणा की।
श्रद्धांजलि योजना बनेगी पूरे प्रदेश का मॉडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सागर जिले में शुरू की गई श्रद्धांजलि योजना अब संपूर्ण प्रदेश के लिए मॉडल बनेगी। इस योजना के तहत पात्र परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी। उन्होंने 100 से अधिक लाभान्वित ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें आगे बढ़ने का आह्वान किया।
शतरंज खेलकर बच्चों को दी प्रेरणा
समारोह में मुख्यमंत्री ने छात्र भौतिक सिंह जाट के साथ शतरंज खेला। उन्होंने सफेद मोहरे चुनकर खेल की शुरुआत की और कहा कि यह विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए अच्छी पहल है।
गोवर्धन मंदिर में पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जैसीनगर स्थित गोवर्धन टोरी पर भगवान गोवर्धन मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती की।
कलाकारों की प्रस्तुति से प्रभावित
जैसीनगर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों की प्रस्तुति देखकर मुख्यमंत्री मंत्रमुग्ध हुए। उन्होंने बुंदेली वाद्ययंत्रों और प्रस्तुतियों की सराहना की और कलाकारों से चर्चा भी की।
अन्न सेवा जागरूकता कार्यक्रम से राशन वितरण में पारदर्शिता
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रदेश में राशन वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए "मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता कार्यक्रम" शुरू किया गया है। इससे राशन की कतारें खत्म होंगी और हर परिवार को एसएमएस के माध्यम से खाद्यान्न की उपलब्धता की जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही पाईपलाइन के जरिए घर-घर गैस वितरण की भी शुरुआत आज जैसीनगर से की गई है।
यह भी पढ़ें
