बड़वानी के स्कूल में CM मोहन यादव ने छात्रों से विज्ञान के सवाल पूछे, अटल टिंकरिंग लैब का निरीक्षण किया और AI पर विवेक से काम लेने की सलाह दी।

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बड़वानी जिले के एकीकृत हायर सेकेंडरी स्कूल बोरलाय पहुंचे तो माहौल किसी सरकारी कार्यक्रम जैसा कम और एक दिलचस्प क्लासरूम जैसा ज्यादा दिखा। मुख्यमंत्री ने जन विश्वास शिविर के दौरान विद्यार्थियों से विज्ञान, प्रकृति और जीवन से जुड़े कई रोचक सवाल पूछे। बच्चों ने भी बिना झिझक जवाब दिए और जहां जवाब नहीं मिल पाए, वहां मुख्यमंत्री ने आसान उदाहरणों के साथ उन्हें समझाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन सवाल पूछने और सीखने का सबसे अच्छा समय है। जिज्ञासा ही आगे बढ़ने का रास्ता बनाती है और किसी भी सवाल को पूछने में संकोच नहीं करना चाहिए।

CM मोहन यादव ने बच्चों से पूछे विज्ञान और प्रकृति से जुड़े सवाल

संवाद की शुरुआत मुख्यमंत्री ने ऐसे सवालों से की, जो बच्चों की सोच और समझ को परखने वाले थे। उन्होंने पूछा कि सूर्य के प्रकाश में क्या-क्या होता है, हवा क्यों चलती है, पेड़ों से हमारा क्या संबंध है, शरीर में विटामिन्स का क्या महत्व है और बिना भोजन या पानी के इंसान कितने दिन तक जीवित रह सकता है। कुछ सवालों के जवाब विद्यार्थियों ने तुरंत दिए, जबकि जिन प्रश्नों पर बच्चे रुक गए, उन्हें मुख्यमंत्री ने सरल भाषा और उदाहरणों के जरिए समझाया।

विद्यार्थियों से बोले CM मोहन यादव- सवाल पूछने में कभी झिझक मत करना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मन में उठने वाले हर सवाल का समाधान खोजने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन सीखने की सबसे मजबूत नींव है और इस दौरान सीखी गई बातें जीवनभर साथ रहती हैं। उन्होंने बच्चों को अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने, स्पष्ट लक्ष्य तय करने और उसी दिशा में लगातार मेहनत करने की सलाह दी।

ग्रामीण प्रतिभाओं को खुद को कम नहीं आंकना चाहिए

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ अपनी क्षमता पहचानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे खुद को कभी कम न समझें और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करें।

अटल टिंकरिंग लैब और ICT लैब का किया निरीक्षण

विद्यार्थियों से संवाद के बाद मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर में बनी अटल टिंकरिंग लैब और आईसीटी लैब का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडल देखे और उनकी सराहना की। मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनके प्रोजेक्ट्स के बारे में सवाल पूछे और यह भी जाना कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहते हैं।

AI पर मुख्यमंत्री मोहन यादव की सलाह: तकनीक पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करें

लैब के निरीक्षण के दौरान एक छात्र ने मुख्यमंत्री से पूछा कि उनके जीवन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का क्या महत्व है। इस पर मुख्यमंत्री मुस्कुराते हुए बोले कि किसी भी तकनीक पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीक इंसान की मदद जरूर करती है, लेकिन उसकी अपनी सीमाएं होती हैं।

मुख्यमंत्री ने समझाया कि AI अपने पास उपलब्ध डेटा के आधार पर निष्कर्ष देता है, इसलिए हर व्यक्ति को अपने विवेक और समझ का इस्तेमाल भी करना चाहिए। तकनीक का सही उपयोग तभी है, जब वह हमारी सोच को मजबूत बनाए, उसकी जगह न ले।