पश्चिम बंगाल और असम में BJP की प्रचंड जीत पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने इसे जनता का जनादेश और महाकाल का आशीर्वाद बताया। जानिए विपक्ष पर क्या बोले और NDA के विस्तार पर क्या कहा।

पश्चिम बंगाल और असम के चुनावी नतीजों ने देश की राजनीति में एक नया संदेश दिया है। भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद जहां पार्टी खेमे में उत्साह का माहौल है, वहीं इस जनादेश को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे और जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कई अहम बातें कहीं।

पार्टी मुख्यालय में जश्न, “महाकाल का आशीर्वाद” बताया जनादेश

भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोहन यादव ने पार्टी नेताओं के साथ अनौपचारिक माहौल में चर्चा की और इस जीत को “महाकाल का आशीर्वाद” और “देशभक्तों की विजय” बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं है, बल्कि जनता का स्पष्ट संदेश है कि वह देश के विकास और स्थिर नेतृत्व के साथ खड़ी है।

Scroll to load tweet…

यह भी पढ़ें: बंगाल में पलटी सत्ता! 15 साल बाद TMC OUT, BJP IN, लेकिन क्यों उठे EVM पर सवाल?

बंगाल-असम में सरकार बनने का दावा

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल और असम दोनों राज्यों में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि असम में पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है, जबकि पश्चिम बंगाल में यह जीत लंबे संघर्ष का परिणाम है। मोहन यादव के मुताबिक, पिछले चुनाव में पार्टी ने “आधा रास्ता” तय किया था, जिसे इस बार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा कर लिया गया।

Scroll to load tweet…

विपक्ष पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का नाम लेते हुए कहा कि हाल के समय में नारी शक्ति और सामाजिक मुद्दों पर जिस तरह के बयान दिए गए, जनता ने उसका जवाब चुनाव में दे दिया है। इसके साथ ही उन्होंने डीएमके पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सनातन संस्कृति के खिलाफ दिए गए बयानों का असर भी चुनावी परिणामों में साफ दिखाई दे रहा है।

Scroll to load tweet…

“घुसपैठ और अलगाववाद के खिलाफ जनादेश”

मोहन यादव ने कहा कि यह जीत उन ताकतों के खिलाफ भी है, जिन्हें वे “अलगाववादी और घुसपैठिए” बताते हैं। उनके अनुसार, जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भरोसा जताया है और यही भरोसा इस प्रचंड जनादेश के रूप में सामने आया है।

NDA का बढ़ता दायरा और नया रिकॉर्ड

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जीत के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) अपने पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश में भाजपा और NDA शासित राज्यों की संख्या अब और बढ़ेगी, जो पार्टी के विस्तार और जनस्वीकृति का संकेत है।

Scroll to load tweet…

“अब बंगाल में विकास की बयार आएगी”

बंगाल को लेकर मुख्यमंत्री का कहना था कि राज्य लंबे समय तक विभिन्न सरकारों के कारण विकास की दौड़ में पीछे रह गया। उन्होंने कहा कि अब जब “कमल खिला है”, तो राज्य में विकास की नई धारा शुरू होगी और जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा। मोहन यादव ने इस जीत को पूरे देश के विकास की दिशा में एक और कदम बताते हुए जनता का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें: बंगाल में सत्ता परिवर्तन के पीछे ‘शाह मॉडल’: रणनीति, संगठन और सटीक अमल की कहानी