CM डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पीएम मोदी द्वारा लागू न्यू जनरेशन GST रिफॉर्म आम जनता, किसानों, MSME, महिलाओं और युवाओं के लिए बड़ा उपहार है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा और भोपाल में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी।

भोपाल। CM डॉ. मोहन यादव ने कहा- PM नरेंद्र मोदी ने देश में न्यू जनरेशन GST रिफॉर्म लागू कर बड़ा सुधार किया है। यह सुधार आम आदमी, किसानों, MSME, मिडिल क्लास, महिलाओं और युवाओं के जीवन को स्वतंत्र बनायेगा। उन्होंने कहा कि यह आम जनता के लिए सुविधा देने वाला उपहार है। इस बार पूरा देश दीपावली "स्वदेशी से समृद्धि" के संकल्प के साथ मनाएगा। घर-घर स्वदेशी से स्वावलंबन के दीप जलेंगे। मुख्यमंत्री मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रीगण को संबोधित कर रहे थे।

जन-जन तक पहुंचाई जाए GST सुधारों की जानकारी

मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि GST सुधारों की जानकारी हर नागरिक तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए संचार के सभी माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।

पीएम मित्र पार्क उद्घाटन और थीम आधारित कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि यह प्रदेशवासियों के लिए गर्व और खुशी का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितंबर को धार जिले के बदनावर में पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन करेंगे।

इस अवसर पर कई थीम पर आधारित कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें शामिल हैं:

  • स्वस्थ नारी - सशक्त परिवार
  • स्वदेशी
  • एक पेड़ मां के नाम
  • एक बगिया मां के नाम
  • पीएम-जनमन योजना
  • धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान
  • मिशन कर्मयोगी

सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसकी थीम स्वच्छता ही सेवा होगी। शहरी और ग्रामीण इलाकों में अस्वच्छ क्षेत्रों का चिह्नांकन कर सफाई अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छोत्सव के तहत सफाई मित्र सुरक्षा शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों में स्वयंसेवी संस्थाएं, सामाजिक संगठन और धार्मिक संस्थाएं भी सहभागी बनेंगी। मंत्रिगण प्रशासन, अधिकारियों और राजनीतिक पदाधिकारियों के सहयोग से अपने-अपने क्षेत्रों में इन गतिविधियों का विस्तार करें।

दशहरे के बाद भोपाल में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दशहरे के बाद भोपाल में दो दिवसीय कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी। इसमें कलेक्टर, एसपी, कमिश्नर, आईजी और पुलिस कमिश्नर भाग लेंगे। कॉन्फ्रेंस में आगामी वर्षों की कार्य योजना और विजन डॉक्यूमेंट पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे इससे पहले अपने-अपने विभागों की विस्तृत समीक्षा करें।