रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने टैरिफ लगाने के चलते अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना की। नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि जो खुद को सबका बॉस मानता है वह भारत का विकास नहीं देख पा रहा।

Donald Trump Tariffs: रूस से तेल खरीदने के चलते अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आने वाले सामानों पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया है। इससे अमेरिकी बाजार में भारतीय सामानों की कीमत बढ़ जाएगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस संबंध में नाम लिए बिना ट्रंप की आलोचना की। मध्य प्रदेश के रायसेन में एक कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत का विकास कुछ लोगों को रास नहीं आ रहा है। इसे रोकने की कोशिश की जा रही है। भारत को विश्व की बड़ी ताकत बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा,

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कुछ लोग हैं जिन्हें भारत का जिस तेजी से विकास हो रहा है वह रास नहीं आ रहा है। उन्हें अच्छा नहीं लग रहा है। सबके बॉस तो हम हैं, भारत कैसे तेजी से बढ़ रहा है। बहुत से लोगों द्वारा कोशिश की जा रही है कि कुछ ऐसा किया जाए ताकि भारत में भारतीयों द्वारा जो सामान तैयार किए जा रहे हैं वे दुनिया के देशों में जाएं तो उन देशों में बनने वाली चीजों से महंगे हो जाएं। भारत की धरती पर, भारतवासियों द्वारा बनाई गई चीजें महंगी हो जाएंगी तो दुनिया के लोग उसे नहीं खरीदेंगे। यह कोशिश की जा रही है। भारत जितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि भारत को अब दुनिया की कोई ताकत विश्व की एक बड़ी शक्ति बनने से रोक नहीं सकती।

Scroll to load tweet…

हवाई जहाज हो या हथियार, पहले सबकुछ आयात करते थे

राजनाथ सिंह ने कहा, "रक्षा क्षेत्र की हमारी हालत यह थी कि पहले हर चीज दुनिया के दूसरे देशों में बनती थीं, विदेशियों द्वारा बनती थी। उनकी पूंजी लगती थी। हमलोगों को जब जरूरत पड़ती थी तो दूसरे देशों से जाकर, चाहे कुछ भी हो, हवाई जहाज, हथियार, प्लेटफॉर्म्स, जो भी हो, सबकुछ हम दुनिया के दूसरे देशों से खरीदते थे। आज हम इनमें से बहुत सारी चीजें न केवल भारत की धरती पर बना रहे हैं, भारतवासियों के हाथों से बना रहे हैं, अपनी जरूरतों को पूरा कर रहे हैं, बल्कि हम दूसरे देशों को भी निर्यात कर रहे हैं।"

24000 करोड़ रुपए के रक्षा सामान का हुआ निर्यात

रक्षा मंत्री ने कहा, "नरेंद्र मोदी 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बने थे। उस समय भारत के रक्षा उत्पाद की चीजें दुनिया के देशों को केवल 600 करोड़ रुपए की निर्यात होती थी। अब हम 24000 करोड़ रुपए से ज्यादा का रक्षा सामान निर्यात कर रहे हैं। यह है भारत की ताकत। निर्यात लगातार बढ़ रहा है। हमारे नौजवान नई टेक्नोलॉजी बना रहे हैं। उसका इस्तेमाल कर हम बहुत सारे हथियार, प्लेटफॉर्म, बम, तोप, गोले और मिसाइल बना रहे हैं।"