मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गूगल क्लाउड इंडिया के अधिकारियों के साथ बैठक कर मध्यप्रदेश में एआई आधारित तकनीकी सहयोग, इंदौर में AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापना और सिंहस्थ-2028 को हाईटेक बनाने की तैयारियों पर चर्चा की।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 20 मई को मंत्रालय में गूगल क्लाउड इंडिया के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान प्रदेश में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को तकनीक से मजबूत करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय नीरज मंडलोई, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव एम. सेल्वेन्द्रम सहित गूगल क्लाउड इंडिया के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Indore AI Center of Excellence: इंदौर में स्थापित होगा AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश सरकार और गूगल क्लाउड इंडिया के बीच जल्द ही एक बड़ा समझौता होने जा रहा है। इस साझेदारी के तहत इंदौर में अत्याधुनिक ‘सेंटर फॉर एक्सीलेंस’ स्थापित किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही एमओयू साइन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस सेंटर के माध्यम से 10 हजार से अधिक एआई डेवलपर्स को जोड़ा जाएगा। यह सेंटर मध्यप्रदेश के साथ-साथ पूरे देश और साउथ ग्लोबल के लिए रीयल टाइम एआई तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।

MP Government AI Initiative: कई विभागों को AI तकनीक से किया जाएगा सशक्त

गूगल क्लाउड इंडिया के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि हाल ही में आयोजित एआई समिट के दौरान राज्य सरकार से उन्हें बेहतर सहयोग मिला, जिसके बाद कंपनी ने प्रदेश के कई प्रमुख विभागों में एआई आधारित तकनीक लागू करने की दिशा में काम शुरू किया है। कृषि, शिक्षा, वन, महिला एवं बाल विकास समेत कई विभागों को आधुनिक एआई तकनीक से सशक्त बनाया जा रहा है, ताकि सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सके।

Simhastha 2028 AI Support: सिंहस्थ-2028 में AI से होगा भीड़ और ट्रैफिक प्रबंधन

बैठक में सिंहस्थ-2028 को तकनीक आधारित और विश्वस्तरीय आयोजन बनाने पर भी चर्चा हुई। गूगल क्लाउड इंडिया ने बताया कि एआई तकनीक की मदद से सिंहस्थ मेले में भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक कंट्रोल, नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाया जा सकता है।

कंपनी ने भरोसा दिलाया कि एआई और डिजिटल समाधान के जरिए सिंहस्थ-2028 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर अनुभव वाला आयोजन बनाने के लिए वह हर संभव तकनीकी सहयोग प्रदान करेगी। बैठक में अन्य कई तकनीकी विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।