एक महिला के साथ कुछ दरिंदों ने पहले बलात्कार किया। फिर उसकी हत्या कर शव को देशी शराब से जला दिया। अधजला शव मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

ग्वालियर. मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। एक 35 साल की महिला का अधजला शव मिला है। जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। लेकिन शव के पास जो सुसाइड नोट मिला है उससे महिला का नाम माया समझ में आ रहा है। प्रारंभिक रूप से महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या और फिर पहचान छुपाने के लिए शव को जलाने की बात सामने आ रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

35 साल की महिला से बलात्कार फिर हत्या

ग्वालियर में शनिवार को सिटी सेंटर क्षेत्र में स्थित मेट्रो टावर के पीछे एक खाली प्लॉट में एक महिला का अधजला शव मिला है। महिला की उम्र करीब 35 साल आंकलन की जा रही है। शव देखकर पता चल रहा है कि आरोपियों द्वारा पहले महिला के साथ बलात्कार किया गया। उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। महिला की हत्या करने के बाद शव पर देशी शराब छिड़ककर आग लगा दी गई। ताकि महिला की पहचान नहीं हो सके। हालाकि महिला का शव आधा ही जला है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

एक माह पुराना सुसाइड नोट मिला

महिला के शव के नजदीक ही एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें महिला का नाम माया बताया जा रहा है। महिला ने सुसाइड नोट में लिखा कि मुझे उससे बात नहीं करना चाहिए थी, वह इस तरह का इंसान है, लेकिन अब मैं फंस गई हूं। इसलिए मैं जीना भी नहीं चाहती हूं। इस सुसाइड नोट में महिला द्वारा 7 नवंबर की तारीख लिखी गई है। यानी करीब एक माह पहले की तारीख लिखी है। इससे प्रतीत होता है कि या तो महिला ने तारीख गलत लिख दी या फिर सुसाइड नोट में भी कुछ गड़बड़ है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही कुछ कहने को तैयार है।

जांच में जुटी कई टीमें

इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस सहित फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट टीम भी जांच में जुट गई है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही वह आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लेंगी।