ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ 14 राज्यों में बड़ा ऑपरेशन हुआ। 200 से ज्यादा गिरफ्तारियों के बाद CM मोहन यादव ने जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आईएसआई समर्थित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ की गई सफल कार्रवाई यह साफ करती है कि भारत आतंकवाद को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा। देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सरकार की नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की है।

डॉ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली ऐतिहासिक सफलता के बाद अब देश की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले हर तत्व पर निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और देश की सुरक्षा के खिलाफ काम करने वाले नेटवर्क को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क पर बड़ा ऑपरेशन, 200 से ज्यादा गिरफ्तार

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी सोशल मीडिया 'एक्स' के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी देशवासियों के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पहले मोदी सरकार ने आईएसआई समर्थित आतंकी गुट शहजाद भट्टी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। गृह मंत्री के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने नेटवर्क के 200 से ज्यादा सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के जरिए आतंकी संगठन के खतरनाक हमलों की तैयारियों को नाकाम किया गया।

14 राज्यों में एक साथ कार्रवाई, सुरक्षा बलों ने नेटवर्क किया ध्वस्त

अमित शाह ने बताया कि भारतीय सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ ऑपरेशन चलाया। इस व्यापक कार्रवाई में आईएसआई समर्थित नेटवर्क को निशाना बनाया गया और उसके कई सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। सरकार के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस से पहले की गई यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति का अहम उदाहरण है। सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई से आतंकी नेटवर्क की गतिविधियों और उसके संभावित हमलों को बड़ा झटका लगा है।

आतंकी नेटवर्क से IED, ग्रेनेड और हथियार बरामद

गृह मंत्री अमित शाह के अनुसार, आईएसआई से फंडिंग पाने वाले इस आतंकी गुट के ठिकानों से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है। बरामद सामान में आईईडी, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल और जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा जासूसी गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने वाले सीसीटीवी कैमरे भी सुरक्षा बलों के हाथ लगे हैं।

कई आतंकी गतिविधियों में शामिल था नेटवर्क

सरकार के अनुसार, यह नेटवर्क पहले से कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है। सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई का मकसद नेटवर्क के सदस्यों को पकड़ने के साथ-साथ उसकी आगे की आतंकी योजनाओं को रोकना भी था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस कार्रवाई को देश की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ सफलता के बाद आतंकवाद समेत हर ऐसे खतरे के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी, जो भारत की आंतरिक और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चुनौती बन सकता है।