Krishna Medhavi Scholarship 2026: मध्य प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। प्रतियोगिता के जरिए 102 छात्रों को 1-1 लाख रुपये की स्कॉलरशिप मिलेगी। आवेदन की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 है।

पढ़ाई के साथ अगर भारतीय ज्ञान, संस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन में आपकी रुचि है, तो मध्य प्रदेश में युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन प्रतियोगिता का पंजीयन शुरू हो चुका है। इस योजना के तहत 102 मेधावी छात्र-छात्राओं को 1-1 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की वेबसाइट पर पंजीयन कर सकते हैं। छात्रवृत्ति की राशि मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदान की जाएगी।

102 छात्रों को मिलेगी 1-1 लाख रुपये की स्कॉलरशिप

भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन, व्यक्तित्व, भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, शिक्षा और जीवन-मूल्यों से नई पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग के माध्यम से श्रीकृष्ण पाथेय न्यास ने यह पहल शुरू की है। ऑनलाइन प्रतियोगिता के जरिए कुल 102 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक चयनित छात्र को 1 लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। प्रतियोगिता का आधार भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी 14 विद्याओं, 64 कलाओं, महर्षि सांदीपनि और भारतीय ज्ञान परंपरा को बनाया गया है। न्यास के अनुसार, इसका मकसद केवल मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक प्रोत्साहन देना नहीं, बल्कि उनमें भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा को लेकर रुचि विकसित करना भी है।

यह भी पढ़ें: पाइपलाइन में हाई प्रेशर डाला और धंस गई 40 करोड़ की सड़क! इंदौर का VIDEO वायरल

अब तक 5 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन

प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में अच्छी दिलचस्पी देखने को मिल रही है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की वेबसाइट पर अब तक 76,560 से अधिक विजिट दर्ज हो चुकी हैं और 5,380 प्रतिभागी पंजीयन करा चुके हैं। इनमें 2,957 पुरुष, 2,394 महिलाएं और 29 अन्य श्रेणी के प्रतिभागी शामिल हैं।

शैक्षणिक स्तर की बात करें तो 3,669 पंजीयन विद्यालय स्तर और 1,711 महाविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के हैं। स्कूल स्तर पर कक्षा 9वीं से 633, कक्षा 10वीं से 760, कक्षा 11वीं से 944 और कक्षा 12वीं से 1,248 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इसके अलावा पॉलिटेक्निक और ITI स्तर के 84 विद्यार्थियों ने भी पंजीयन कराया है।

30 सितंबर तक करें रजिस्ट्रेशन, ऐसे होगा चयन

प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। इसके बाद निर्धारित विषयों पर आधारित ऑनलाइन प्रश्नावली में 30 से अधिक सवालों के जवाब देने होंगे।

प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी को सवालों का अलग सेट दिया जाएगा। यदि पात्र और सफल उम्मीदवारों की संख्या उपलब्ध 102 छात्रवृत्तियों से अधिक होती है, तो अंतिम चयन लॉटरी के माध्यम से पात्र उम्मीदवारों में से किया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन कर सकते हैं। छात्रवृत्ति से जुड़ी प्रक्रिया और पंजीयन के लिए श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की वेबसाइट पर जानकारी ली जा सकती है।

श्रीकृष्ण छात्रवृत्ति क्यों है खास?

इस पहल में आधुनिक डिजिटल माध्यम को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने की कोशिश की गई है। प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी शिक्षा और भारतीय संस्कृति से जुड़े विषयों को जानने का अवसर मिलेगा। वहीं, 1 लाख रुपये की छात्रवृत्ति मेधावी विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में उपयोगी आर्थिक प्रोत्साहन भी साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें: ये हैं वो 3 शातिर महिलाएं जो गोरखपुर में कर रही थीं ‘फिल्मी चोरी’! ऐसे उड़ा लेती थीं चेन