मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त 13 सितंबर को जारी होगी। 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में 1,835 करोड़ रुपये से अधिक भेजे जाएंगे।
भोपाल। मध्यप्रदेश की महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत सितंबर की किस्त 13 सितंबर को जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को आगर मालवा से योजना की 40वीं नियमित मासिक किस्त का अंतरण करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ 09 लाख 22 हजार 450 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे भेजी जाएगी। सितंबर की किस्त के साथ ही जून 2023 में योजना शुरू होने से अब तक महिलाओं को नियमित मासिक सहायता के रूप में अंतरित राशि 65,395.99 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी।
Ladli Behna Yojana 40th Installment: 1,500 रुपये मिल रहे हर महीने
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती थी। इसके बाद अक्टूबर 2023 में सरकार ने सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की और मासिक भुगतान 1,250 रुपये कर दिया।
नवंबर 2025 से सहायता राशि में एक बार फिर 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद पात्र महिला हितग्राहियों को वर्तमान में हर महीने 1,500 रुपये दिए जा रहे हैं। योजना के तहत उन पात्र महिलाओं को भी लाभ दिया जा रहा है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से हर महीने 900 रुपये मिलते हैं। ऐसे मामलों में निर्धारित प्रावधान के अनुसार अंतर की राशि उपलब्ध कराई जाती है।
Ladli Behna 40th Kist: अब तक 39 किस्तों का भुगतान
जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना की 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब सितंबर 2026 में 40वीं किस्त महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी। इसके अलावा रक्षाबंधन के मौके पर भी लाभार्थी महिलाओं को विशेष आर्थिक सहायता दी गई है। अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में 250 रुपये की अतिरिक्त राशि महिलाओं को दी गई थी। इस तरह योजना में नियमित मासिक सहायता के साथ समय-समय पर विशेष आर्थिक मदद भी दी गई है।
Ladli Behna Yojana Amount: महिलाओं के खातों में पहुंची 65 हजार करोड़ से ज्यादा राशि
लाड़ली बहना योजना के तहत जून 2023 से अगस्त 2026 तक महिलाओं के बैंक खातों में 63,560.90 करोड़ रुपये की राशि सीधे अंतरित की जा चुकी है। सितंबर की 40वीं किस्त के बाद नियमित मासिक सहायता के रूप में कुल अंतरित राशि 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक योजना के तहत करीब 11,300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं, पूरे वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
आगर मालवा में 253 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करने के साथ आगर मालवा में कई विकास कार्यों का भी शुभारंभ और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री यहां 225 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले कुल 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे। इसके अलावा 28 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 17 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा। 13 सितंबर को आगर मालवा में लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त के अंतरण के साथ विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।


