Madhya Pradesh Investment: मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर CM मोहन यादव और राणा होल्डिंग्स के बीच चर्चा हुई। 10 साल के इनवेस्टमेंट प्रोग्राम में ग्रीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, डेटा सेंटर, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और ई-मोबिलिटी पर फोकस होगा। जानिए पूरी डिटेल।
MP Mohan yadav Rana Holdings Investment Plan: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में आयोजित AIM Congress 2026 (Annual Investment Meeting) के तीसरे दिन, 8 सितंबर को राणा होल्डिंग्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. दर्शन सिंह राणा से मुलाकात की। बैठक में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं और नए उद्योग स्थापित करने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, डेटा सेंटर समेत कई क्षेत्रों में कंपनी की रुचि और योजनाओं की जानकारी ली। दोनों ने मध्यप्रदेश और कंपनी के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
Madhya Pradesh Investment: 10 साल के इनवेस्टमेंट प्रोग्राम का प्रस्ताव
बैठक में मध्यप्रदेश के लिए 10 वर्षीय इनवेस्टमेंट प्रोग्राम का प्रस्ताव रखा गया। इसे तय प्रोजेक्ट माइलस्टोन्स के आधार पर चरणबद्ध तरीके से लागू करने की योजना है। इसके तहत सोलर पावर, ग्रीन हाइड्रोजन और उससे जुड़े एनर्जी जनरेशन एवं स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश में एआई, क्लाउड और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग डेटा सेंटर कैंपस और उससे जुड़ा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन एनर्जी पर फोकस
निवेश योजना में एडवांस्ड इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी से जुड़ी महत्वपूर्ण खनिजों की रीसाइक्लिंग (Critical Minerals Recycling) और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। स्थानीय सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए ई-मोबिलिटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और एग्रीकल्चरल मशीनरी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। राज्य सरकार कंपनी को भूमि, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्किलिंग, जरूरी अप्रूवल और परियोजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन में सहयोग करेगी। इन क्षेत्रों में निवेश से रोजगार के साथ-साथ प्रदेश में बिजली उत्पादन के नए अवसर भी बन सकते हैं।
ये भी पढ़ें- GIS 2027: सीएम मोहन यादव ने Crescent CEO को दिया न्योता, MP में निवेश पर हुई बड़ी चर्चा
MP लैंड बैंक और पावर सरप्लस से निवेशकों को फायदा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। राज्य में ग्रीन और रिन्यूएबल एनर्जी पर बड़े स्तर पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के पास पावर सरप्लस और लैंड बैंक उपलब्ध है, जिसका लाभ राणा होल्डिंग्स उठा सकती है। मुख्यमंत्री ने डॉ. दर्शन सिंह राणा को अगले साल होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2027 में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया।
Rana Holdings Portfolio: 1.76 लाख करोड़ रुपये का पोर्टफोलियो
डॉ. दर्शन सिंह राणा ने बताया कि राणा होल्डिंग्स अपनी पूंजी से निवेश करने वाली कंपनी है और अपनी सब्सिडियरी कंपनियों के जरिए निवेश का प्रबंधन करती है। कंपनी का पोर्टफोलियो करीब 1 लाख 76 हजार करोड़ रुपये का है। कंपनी स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, डेटा सेंटर, क्लीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, मोबिलिटी और एग्रीकल्चरल मशीनरी जैसे क्षेत्रों में काम करती है। राणा होल्डिंग्स का कारोबार यूएई, अमेरिका, अफ्रीका, पुर्तगाल, पैराग्वे और थाईलैंड में भी है।
ये भी पढ़ें- Invest MP: दुबई में गूंजा मध्यप्रदेश, CM मोहन यादव ने कहा- 'बेझिझक करें निवेश'
