CM मोहन यादव ने PM द्वारा श्रम कानून सुधार पर आभार जताया। खजुराहो में विभागीय समीक्षा और मंत्री परिषद की बैठक होगी। 'मुखी' चीता ने 5 शावकों को जन्म दिया। गीता जयंती की तैयारियाँ तेज। हैदराबाद रोड शो में 36,600 करोड़ निवेश प्रस्ताव मिले।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा श्रम कानूनों में किए गए सुधारों के लिए पूरे मंत्रि-परिषद की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उद्योग और व्यापार जगत के लिए यह बड़ा और महत्वपूर्ण कदम है। अब श्रम से जुड़े 44 कानूनों की जगह केवल 4 कानून लागू होंगे, जिससे उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और यह कानून पूरे देश में एकसमान तौर पर लागू किए जाएंगे।

खजुराहो में विभागीय समीक्षा और मंत्री परिषद की बैठक

मुख्यमंत्री ने बताया कि 8 और 9 दिसंबर को खजुराहो में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित होगी। इन बैठकों में विभागों की दो साल की उपलब्धियों, नवाचार, आने वाले वर्षों के लक्ष्य, चुनौतियां और कार्य योजनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके साथ ही 9 दिसंबर को मंत्री परिषद की बैठक भी खजुराहो में होगी। यह बैठक केन-बेतवा लिंक परियोजना और बुंदेलखंड के विकास को समर्पित होगी।

चीता "मुखी" द्वारा 5 शावकों का जन्म- प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि

मुख्यमंत्री ने भारत में जन्मी मादा चीता 'मुखी' द्वारा 5 शावकों को जन्म देने को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अफ्रीका से लाए गए चीतों की भारत में जन्मी नई पीढ़ी द्वारा शावकों का जन्म होना भारतीय वनों में चीता प्रजाति के सफल अनुकूलन का संकेत है। यह जैव विविधता संरक्षण के प्रयासों को मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने मंत्रि-परिषद सदस्यों को इस उपलब्धि के लिए बधाई भी दी।

गीता जयंती समारोह की व्यापक तैयारियां

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 1 दिसंबर को पिछले वर्षों की तरह गीता जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई जाएगी। मध्यप्रदेश 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 में भाग ले रहा है। इस महोत्सव में जय श्रीकृष्ण नृत्य नाट्य, श्रीकृष्ण लीला, चित्र प्रदर्शनी, जनजातीय नृत्य आदि कई कार्यक्रम होंगे।

प्रदेश के 313 विकासखंडों, 55 जिला मुख्यालयों और 10 संभागों में 3 लाख गीता प्रेमी श्रीमद्भागवत गीता के 15वें अध्याय के श्लोक का सामूहिक पाठ करेंगे। साथ ही गीता ज्ञान प्रतियोगिता और कृष्णायन नृत्य नाटिका जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

हैदराबाद रोड शो में 36,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने "इन्वेस्टमेंट अपॉर्चुनिटीज इन मध्यप्रदेश" कार्यक्रम के अंतर्गत 22 नवंबर को हैदराबाद में उद्योगपतियों से हुई वन-टू-वन बैठकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 10 कंपनियों से कुल 36,600 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे करीब 27,800 नए रोजगार सृजित होंगे। निवेश प्रस्ताव इस प्रकार हैं:

  • AGI ग्रीनपैक: पैकेजिंग इंजीनियरिंग सेक्टर में 1500 करोड़
  • एक्सिस एनर्जी वेंचर्स इंडिया:– नवीकरणीय ऊर्जा में 29,500 करोड़
  • अनंत टेक्नोलॉजीज: एयरोस्पेस सेक्टर में 1000 करोड़
  • ऑटोमेटस्की सॉल्यूशंस: आईटी सेक्टर में 1000 करोड़
  • कोलावेरी इंक: फार्मा और ट्रेडिंग सेक्टर में 1000 करोड़

मुख्यमंत्री ने ग्रीनको कंपनी के मुख्यालय का भी दौरा किया। ग्रीनको ने प्रदेश में पिछले 10 वर्षों में 3000 मेगावॉट क्षमता की नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की हैं और आने वाले समय में 25,000 करोड़ निवेश की योजना है।

पीएमश्री हेली सेवा से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 नवंबर को पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा शुरू होने के बाद प्रदेश हवाई पर्यटन के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। 20 नवंबर से इस सेवा का नियमित संचालन शुरू हुआ है, जिससे यात्रा अधिक तेज, सुरक्षित और किफायती हो गई है। इस सेवा से धार्मिक, वाइल्डलाइफ और वेलनेस सेक्टर में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी। मुख्य रूट इस प्रकार हैं:

  • धार्मिक रूट: इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर
  • वेलनेस रूट: भोपाल-मढ़ई-पचमढ़ी
  • वाइल्डलाइफ रूट: जबलपुर, मैहर, चित्रकूट, अमरकंटक, कान्हा, बांधवगढ़