21 अक्टूबर को Police Commemoration Day पर भोपाल के लाल परेड मैदान में CM मोहन यादव MP पुलिस के 9 शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। कार्यक्रम में पुलिस बल की विभिन्न टुकड़ियां भी शामिल होंगी।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर उन पुलिसकर्मियों को याद किया जाएगा, जिन्होंने ड्यूटी निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

सुबह 8:30 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर सेवानिवृत्त अधिकारी और पुलिस बल के जवान भी शामिल होंगे। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा समेत वरिष्ठ अधिकारी शहीदों को नमन करेंगे।

21 अक्टूबर को भोपाल में होगा मुख्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर लाल परेड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। कार्यक्रम में जिला पुलिस बल और विशेष सशस्त्र बल की महिला एवं पुरुष प्लाटून हिस्सा लेंगी। इसके अलावा होमगार्ड, पाल-बेयरर पार्टी, कलर पार्टी, पुलिस बैंड, अश्वारोही दल और श्वान दल की टुकड़ियां भी परेड में शामिल होंगी। पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों के बीच शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

यह भी पढ़ें: मक्का मस्जिद में Kiss करने पर सज़ा-ए-मौत? बांग्लादेशी जोड़े की फांसी पर मचा बवाल

इस साल MP पुलिस के 9 शहीदों को किया जाएगा याद

इस वर्ष मध्य प्रदेश पुलिस के 9 अधिकारी-कर्मचारियों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया। इनमें निरीक्षक आशीष शर्मा, उप निरीक्षक अशोक शर्मा, सहायक उप निरीक्षक मदनलाल निनामा, प्रधान आरक्षक परिमाल सिंह तोमर और ओम प्रकाश भवेदी शामिल हैं।

इसके अलावा सर्जन सिंह भील, महिला आरक्षक आरती पाल, आरक्षक महेश प्रसाद पाठक और आरक्षक विकास चतुर्वेदी को भी पुलिस स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। कार्यक्रम में उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया जाएगा।

क्यों मनाया जाता है Police Commemoration Day?

पुलिस स्मृति दिवस हर वर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में मनाया जाता है। इसकी पृष्ठभूमि 21 अक्टूबर 1959 की उस घटना से जुड़ी है, जब लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ में CRPF के 10 जवान शहीद हुए थे।

इसी शहादत की स्मृति में हर साल पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिन उन सभी पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया।

यह भी पढ़ें: दिल्ली से लेह तक धू-धूकर जला रावण, PM मोदी से राष्ट्रपति मुर्मू तक ने मनाया दशहरा, देखें VIDEO