मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धान उपार्जन की समीक्षा की और किसानों को समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए। साथ ही मकर संक्रांति पर लाड़ली बहनों के लिए आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में हो रहे धान उपार्जन कार्य की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों से कहा कि किसानों को समय पर उपार्जित धान की राशि प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में धान उपार्जन के संबंध में चर्चा की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अब तक साढ़े पांच लाख किसानों से अधिक किसानों से 36 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी जिलों में उपार्जन केन्द्रों पर संपन्न हो चुकी है। प्रदेश में लगभग 44 लाख मीट्रिक टन धान उपार्जन का अनुमान है। प्रदेश में धान का उपार्जन 23 जनवरी 2025 तक किया जा रहा है। किसानों के खाते में 5 हजार करोड़ रूपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।

मकर संक्रांति पर प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में मकर संक्रांति पर प्रदेश में हो रहे विविध कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। मकर संक्रांति पर प्रदेश में 12 से 14 जनवरी के मध्य लाड़ली बहनों की उपस्थिति में विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इन कार्यक्रमों में बहनों को गुड़-तिल खिलाने, कंगन और अन्य उपहार देने से जुड़े कार्यक्रम होंगे। जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रमों में उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान की गतिविधियों को भी इन कार्यक्रमों से संबद्ध किया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण प्रदेशभर में होगा। सभी कार्यक्रमों को शीघ्र ही अंतिम रूप दिया जा रहा है।